हथिगवां के समसपुर लोहारन क पुरव में पिटाई से वृद्ध की मौत के बाद बिलखते परिजन।
- फोटो : PRATAPGARH
हथिगवां के समसपुर में खेत की रखवाली करने गए सेवानिवृत्त दूर संचार कर्मचारी धुन्नीलाल यादव (65) की गोली मारकर हत्या कर दी गई। जानकारी होने पर घर में कोहराम मच गया। सूचना मिलने के बाद पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटना की तहरीर मिलने पर पुलिस ने पांच लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया।
हथिगवां थाना क्षेत्र के लोहारन का पुरवा समसपुर निवासी धुन्नीलाल यादव दूर संचार विभाग से सेवानिवृत्त कर्मचारी था। घर से करीब डेढ़ सौ मीटर दूर उसका खेत व पशुशाला है। पशुशाला के पास ही पॉलीथिन तानकर वह खेत की रखवाली करता था। बुधवार की रात घर से खाना खाने के बाद वह फसल की रखवाली करने के लिए गया था। वहां कुछ देर तक देखभाल करने के बाद वह चारपाई पर सो गया। बृहस्पतिवार की सुबह उसकी बहू मवेशियों को चारा देने के लिए खेत की ओर गई।
चारपाई पर ससुर धुन्नीलाल का रक्तरंजित शव देख चीख पड़ी। शोर शराबा सुनकर आसपास के लोगों की भीड़ लग गई। परिजन भी रोते बिलखते मौके पर पहुंचे। घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस भी पहुंच गई। बवाल की आशंका को देखते हुए सीओ सदर पवन त्रिवेदी समेत कई थानों की पुलिस मौके पर पहुंची। इसके बाद शव को कब्जे में लिया जा सका।
मृतक के पुत्र धीरेंद्र यादव ने थाने में तहरीर देकर आरोप लगाया कि पड़ोसियों से रंजिश चली आ रही है। उन लोगों ने हत्या की धमकी दी थी। रंजिश के चलते अरुण कुमार यादव, तूफान, कप्तान, शंकरलाल यादव व भैयाराम ने उसके पिता की लाठी डंडे से पीटने के बाद गोली मारकर हत्या कर दी। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर उनकी तलाश में दबिश दी मगर कोई नहीं मिला।