जनसत्ता दल के राष्ट्रीय अध्यक्ष राजाभैया के प्रयास से सऊदी अरब में फंसे धमोहन गांव के प्रदीप सरोज और बल्ला गांव निवासी राजेश की वतन वापसी कराई गई। प्रदीप का तो अल-कर्ज शहर के किंग खालिद हॉस्पिटल में इलाज चल रहा था। मंगलवार को लखनऊ एयरपोर्ट पहुंचने पर तत्काल उसे डाॅ. राम मनोहर लोहिया हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया। इस मौके पर जिला पंचायत अध्यक्ष प्रतिनिधि कुलदीप पटेल एवं ब्लाॅक प्रमुख प्रतिनिधि बाबागंज रामयश सरोज मदद के लिए मौजूद रहे।
धमोहन गांव निवासी प्रदीप कुमार और बल्ला गांव निवासी राजेश सरोज ने राजा भैया को जानकारी दी कि वह लोग सऊदी अरब में फंस गए हैं। उनकी देश वापसी नहीं हो पा रही है। जिसके बाबत राजाभैया ने एमएलसी गोपाल जी को इस मामले में उचित कार्रवाई की बात कही थी। अक्षय प्रताप सिंह ने विदेश मंत्रालय को पत्राचार किया और विदेश राज्यमंत्री कीर्तिवर्धन सिंह को मामले से अवगत कराया। विदेश मंत्रालय के मामले को संज्ञान में लेने के उपरांत बल्ला सरोज की घर वापसी हो गई। वहीं सऊदी में घायल प्रदीप सरोज को भी बुलाकर लोहिया हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया। इलाज के लिए राजाभैया की ओर से नकद पचास हजार रुपये की राशि परिजनों को सौंपी गई।