कैबिनेट मंत्री राजेंद्र प्रताप सिंह उर्फ मोती सिंह ने आंवला किसानों की समस्याओं को देखते हुए जिले में आंवला प्रोसेसिंग यूनिट की स्थापना करने का वादा किया है। उन्होंने कहा कि जिले से पलायन रोकने के लिए युवाओं के लिए रोजगार की व्यवस्था की जाएगी। उन्होंने 15 जून तक सड़कों के गड्ढा मुक्त होने की बात करते हुए ट्रेजरी चौराहा से कटरामेदनीगंज को जोड़ने वाली सड़क का अविलंब निर्माण कराने के लिए अधिशासी अभियंता को कहा।
कैबिनेट मंत्री बनने के बाद पहली बार पत्रकारों से बात करते हुए राजेंद्र प्रताप उर्फ मोती सिंह ने योगी आदित्यनाथ सरकार की प्राथमिकताओं को दोहराते हुए जिले में भ्रष्ट अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई करने की बात कही। उन्होंने कहा कि जो अधिकारी विकास कार्यों में रुचि दिखाएंगे उन्हें ही जिले में रहने का अधिकार है। उन्होंने जिले के विकास सभी विधायकों के प्रयास से करने की बात करते हुए महिला सुरक्षा और कानून व्यवस्था पर जोर दिया। शहरियों के लिए परेशानी की सबब बनी ट्रेजरी चौराहे से कटरामेदनीगंज को जोडने वाली सड़क और महीनों से खुदी सिनेमा रोड को अविलंब लेपन कराने का आश्वासन दिया। उन्होंने अधिशासी अभियंता से बातकर अविलंब दुरुस्त कराने को कहा। उन्होंने ओडीएफ में खर्च हुए धनराशि की जांच कराने की बात करते हुए वास्तविक पात्रों को भी देने की वकालत की है।
अप्रैल फूल बन गए अफसर
कैबिनेट मंत्री राजेंद्र प्रताप उर्फ मोती सिंह शनिवार को लालगंज के रास्ते जिले में पहुंचे तो उन्होंने जनपदीय अफसरों से साथ बैठक शाम छह बजे विकास भवन में बुला ली। प्रभारी डीएम के आदेश पर जिले के सभी अधिकारी साढ़े पांच बजे ही विकास भवन के सभागार में पहुंचकर कैबिनेट मंत्री के आने की प्रतीक्षा करने लगे। रात आठ बजे तक नहीं पहुंचने पर जब अधिकारियों ने संपर्क किया तो उन्होंने कहा आज व्यस्तता अधिक है, अगले दिन बैठक की जाएगी। कैबिनेट मंत्री के नहीं पहुंचने पर अधिकारी निराश होकर लौट गए।