प्रतापगढ़। सूर्यदेव का तेज बढ़ने से परेशान लोगों को बिजली भी रुला रही है। शहर और ग्रामीण इलाकों में लो-वोल्टेज होने से पंखा और कूलर रेंग रहे हैं। बुधवार को पुरवा हवाओं का दबाव बढ़ते ही चिपचिपाने वाली गर्मी ने दस्तक दे दी। भीषण गर्मी में पर्याप्त बिजली नहीं मिलने से शहरी परेशान हो उठे। लो-वोल्टेज की समस्या दूर करने के लिए बिजली विभाग ने भले ही करोड़ों रुपये उड़ा दिए हैं, लेकिन लोगों को अभी भी इस समस्या से जूझना पड़ रहा है।
शहर में लो वोल्टेज के चलते पंखे और कूलर रेंगते रहे। इससे लोगों को गर्मी काटना भारी पड़ रहा है। बुधवार को पुरवा का दबाव बढ़ते ही न्यूनतम और अधिकतम तापमान में बढ़ोतरी हो गई। दोपहर में तेज धूप होने के कारण चेहरे झुलस जा रहे थे। इसलिए राहगीरों ने चेहरे को गमछे से बांध रखा था। जबकि महिलाएं साड़ी और दुपट्टे से चेहरेे को ढंककर चल रही थीं। बुधवार को न्यूनतम तापमान बढ़कर 30.2 और अधिकतम 41.0 पर पहुंच गया। मंगलवार को न्यूनतम तापमान 22.0 और अधिकतम 39.8 था। मौसम वैज्ञानिक की मानें तो गर्मी और भी भयानक स्वरूप धारण कर सकती है।