शहर के पूर्वी सहोदरपुर मोहल्ले में नगर पालिका की जलापूर्ति ठप है। पठखौली वार्ड के एक दबंग ने मोहल्ले की सप्लाई वाली पाइप से अपने निजी काम कर रहा है। इससे लोगों को सप्लाई का पानी नहीं मिल रहा।शहर के पठखौली व अचलपुर वार्ड से होकर पूर्वी सहोदरपुर मोहल्ले में जलापूर्ति होती है। मौजूदा समय में भीषण गर्मी से लोग त्राहि- त्राहि कर रहे हैं। ऐसे में करीब एक माह पूर्वी सहोदरपुर वार्ड के चार सौ से अधिक लोगों को पानी की आपूर्ति नहीं हो पा रही है। इसके पीछे की जो वजह बताई जा रही है। वह बड़ी चौंकाने वाली है। लोगों की मानें तो पठखौली वार्ड के एक दबंग ने पूर्वी सहोदरपुर की ओर आने वाली पाइप लाइन को अपने खेत के करीब काट दिया।
इससे आगे की ओर पानी की सप्लाई ठप है। पहले तो मोहल्ले के लोगों ने समझा कि शायद पाइप फटने से समस्या पैदा हुई है लेकिन बाद में पता चला कि दबंग ने सप्लाई का पानी बंद कर रखा है। जिससे उन लोगों को पानी के लिए हैंडपंप या फिर दूसरों के सबमर्सिबल पंप से पानी लेने के लिए जाना पड़ता है। कई बार कर्मचारी ने दबंग द्वारा काटी गई पाइप की मरम्मत भी कराई लेकिन कुछ दिनों बाद फिर वही समस्या बन आती है। कभी खेत की सिंचाई तो कभी सप्लाई के पानी से गड्ढा भरने उसकी आदत में शुमार हो चुका है। उसकी दबंगई का आलम यह है कि नगर पालिका के कर्मचारी दो बार काटी गई पाइप की मरम्मत करा आए और उसे ऐसा न करने की सलाह भी दी लेकिन वह नहीं माना। इससे पूर्वी सहोदरपुर मोहल्ले के करीब चार सौ कनेक्शनधारकों को सप्लाई का पानी नहीं मिल पा रहा है।
पूर्वी सहोदरपुर में नगर पालिका की जलापूर्ति बंद होने के कारण लोगों में गुस्सा है। सुबह शाम सप्लाई के पानी पर निर्भर रहने वाले लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। मोहल्ले के भाजपा नेता संजय सिंह, नवाब खान, विशाल सिंह, मोहम्मद नसीम, इकलाख, प्रकाश पाल, बृजेश पाल, अफसर अहमद, इम्तियाज, सिराज खान समेत अन्य लोगों ने नगर पालिका प्रशासन से बंद जलापूर्ति जल्द से जल्द शुरू कराने की मांग की है। सभासद, पूर्वी सहोदरपुर हेमलता सिंह का कहना है कि मोहल्ले की जलापूर्ति करीब एक माह से बाधित है। शिकायत के बाद कर्मचारी ठीक करा देते हैं लेकिन दबंग द्वारा फिर से पाइप काटकर जलापूर्ति बाधित कर दी जा रही है। नगर पालिका अध्यक्ष व ईओ से भी शिकायत की गई है। वहीं अधिशाषी अधिकारीअवधेश यादव का कहना है कि पाइप काटकर जलापूर्ति ठप करने का मामला उनके संज्ञान में आया है। उन्होंने जलकल प्रभारी को निर्देश दिया है कि पाइप की मरम्मत कराकर ऐसा करने वाले के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया जाए। ताकि फिर से कोई सप्लाई का पानी बाधित करने का प्रयास न कर सके।