मंगलवार को सुबह चिलबिला रेलवे स्टेशन का पैनल अचानक फेल हो गया। जिससे इलाहाबाद-फैजाबाद, वाराणसी-लखनऊ रेलमार्ग पर गाड़ियों का आवागमन एक घंटे तक ठप रहा। वाराणसी से लखनऊ जाने वाली पैसेंजर एक घंटे तक चिलबिला में खड़ी रही। चिलचिलाती धूप और गरमी के मारे ट्रेेन के मुसाफिर बेहाल रहे।वाराणसी से लखनऊ जाने वाली वीएल पैसेंजर चिलबिला स्टेशन पर खड़ी थी। इसी बीच कलर सिग्नल को संचालित करने वाले स्टेशन का पैनल ही खराब हो गया। जिससे सेक्शन में फैजाबाद और लखनऊ और प्रतापगढ़ रूट के सारे सिग्नल खड़े हो गए।
खराबी के कारण ट्रेनों को रास्ते में जहां-तहां खड़ा करना पड़ा। चिलबिला में फंसी वीएल करीब एक घंटे तक खड़ी रही। इससे यात्रियों को काफी दिक्कतें आईं। कुछ यात्रियों की स्टेशन मास्टर और कर्मचारियों से ट्रेन चलाने को लेकर कहासुनी भी हो गई। सेक्शन ब्लॉक हो जाने से दूसरी ट्रेन के आने की गुजाइंश भी नहीं थी। जिससे यात्री चिलबिला में ही फंसे रहे। पैनल फेल होने से जनता एक्सप्रेस, पंजाब मेल जैसी महत्वपूर्ण गाड़ियां फंसी रहीं।