एसबीआई के समीप कचहरी रोड़ पर खराब हुई प्रिजन वैन। संवाद
- फोटो : PRATAPGARH
जिला कारागार से बंदियों को लेकर न्यायालय जा रही प्रिजन वैन रास्ते में खराब हो गई। जिससे पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। कचहरी-चौक मार्ग पर कुछ देर के लिए जाम लग गया। भीड़ को देखते हुए बंदियों को सुरक्षा घेरे में लेकर दूसरे वाहन में शिफ्ट किया गया।
जेल से शुक्रवार को बंदियों को लेकर न्यायालय में पेशी के लिए सुरक्षाकर्मी प्रिजन वैन से निकले। चौक से सीधे कचहरी मार्ग पर बंदियों को लेकर चालक जा रहा था। स्टेट बैंक के करीब अचानक प्रिजन वैन में खराबी आ गई। जिसके चलते सड़क पर ही वैन खड़ी हो गई। यह देख वैन में बैठे पुलिसकर्मी अलर्ट हो गए। पहले तो चालक ने वैन में आई खराबी को दूर करने का प्रयास किया, मगर सफलता नहीं मिली। प्रिजन वैन खराब होने की खबर मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया।
इस बीच कुछ बंदियों के परिवार के सदस्य मौके पर पहुंचे और वैन के पास खड़े होकर बातचीत करने लगे। यह देख पुलिसकर्मियों ने सभी को दूर भगाया। कुछ देर में पुलिस लाइन से दूसरा वाहन पहुंचा। बंदियों को सुरक्षा घेरे में लेकर दूसरे वाहन में शिफ्ट कराकर न्यायालय पहुंचाया गया। तब जाकर पुलिस महकमे ने राहत की सांस ली। इस दौरान चौक से कचहरी आने वाले मार्ग पर जाम लगा रहा। प्रतिसार निरीक्षक शैलेंद्र कुमार ने बताया कि प्रिजन वैन में खराब की जानकारी मिलते ही दूसरा वाहन भेजकर बंदियों को न्यायालय पहुंचाया गया।