प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मंच पर मौजूद केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री अनुप्रिया पटेल से गुफ्तगू करते रहे। मंच पर प्रधानमंत्री के बगल डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य और उनके बगल केंद्रीय मंत्री अनुप्रिया पटेल की कुर्सी लगी थी।
डिप्टी सीएम जैसे ही बोलने के लिए उठे, प्रधानमंत्री ने अनुप्रिया को बुलाकर डिप्टी सीएम की कुर्सी पर बैठने का इशारा किया। प्रधानमंत्री अनुप्रिया से गुफ्तगू करते रहे।
बृहस्पतिवार को प्रधानमंत्री मंच पर पहुंचने पर पहले मंचासीन लोगों को हाथ जोड़कर प्रणाम किया। मंच पर आने पर प्रधानमंत्री के पुराने परिचितों में शामिल पूर्व एमएलसी विंध्यवासिनी कुमार को देखकर वह बोल पड़े।
अरे भाई विंध्यावासिनी क्या हाल है फिर उन्होंने उनसे हाथ मिलाया। प्रधानमंत्री के संबोधन के पहले मातृ शक्तियों और भाजपा प्रत्याशी संगमलाल गुप्ता ने मां शीतलादेवी का चित्र और चुनरी ओढ़ाकर स्वागत किया।
मोदी का राम-राम कहना
प्रधानमंत्री ने जनसभा में आने वालों से कहा कि गांव जाने पर जितने भी लोग मिले, उनसे मेरा राम-राम कहना। उन्होंने कहा कि गांव और शहर के लोगों से कहना कि मोदी ने आपको राम-राम कहा है। मोदी के इस वाक्य से कार्यकर्ता बेहद उत्साहित दिखे।
कार्यक्रम में हाथ जोड़कर खड़े थे संगमलाल
कार्यक्रम में डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य और केंद्रीय मंत्री अनुप्रिया पटेल ने जितनी देर भाषण दिया भाजपा प्रत्याशी संगमलाल गुप्ता पूरे समय हाथ जोड़कर खडे रहे। प्रधानमंत्री जब अपना संबोधन करने के लिए उठे, तो संगमलाल को कुर्सी पर बैठने का इशारा किया।
प्रधानमंत्री ने सपा पर लगाया एटीएल बेचने का आरोप
प्रधानमंत्री ने एटीएल ट्रैक्टर फैक्ट्री बेचने के लिए सपा को जिम्मेदार ठहराया। उन्होंने कहा कि सपा का काम ही बेचने का है। उन्होंने आंवले को नई पहचान देने की बात कही है। उन्होंने कहा कि तीसरी बार एनडीए की सरकार में आंवला को नई पहचान दी जाएगी। इस पर उपस्थित लोगों ने तालियां बजाकर स्वागत किया।
कार्यक्रम में इनकी रही सहभागिता
जीआईसी में कैबिनेट मंत्री अनिल राजभर, सांसद अमर पाल मौर्य, पूर्व मंत्री सुरेश राणा, राजेंद्र प्रसाद उर्फ मोती सिंह, डॉ. महेंद्र सिंह, शिवाकांत ओझा, बृजेश शर्मा, विधायक सदर राजेंद्र मौर्य, विधायक विश्वनाथगंज जीतलाल पटेल, पूर्व विधायक धीरज ओझा, पूर्व सांसद रत्ना सिंह, कौशलेंद्र पटेल, जिलाध्यक्ष आशीष श्रीवास्तव, राय साहब सिंह, राघवेंद्र शुक्ला, बृजेश पटेल, सीमा सिंह, सीता देवी, प्रतिभा सिंह, नीलम हिंद, रुचि केसरवानी, तारा देवी मौजूद रहीं।