शहर की मकंद्रूगंज पुलिस चौकी के करीब शरारती तत्वों ने चौक घंटाघर के गुंबद पर लगा भगवा झंडा हटा कर हरे रंग की पताका फहरा दी। जानकारी होने पर लोेग एकत्र होने लगे तो आननफानन में पुलिस ने फिर से वहां भगवा झंडा लगवा दिया। मामले में अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है।
चौक घंटाघर के गुंबद पर भगवा झंडा दिन-रात लहराता रहता है। ऊपर जाने के लिए सीढ़ी है, जिसका गेट नगर पालिका की देखरेख में खुलता-बंद होता है। हालांकि, 22 जनवरी को आयोजित कार्यक्रम के बाद गेट खुला ही था।
शनिवार की सुबह करीब आठ बजे लोगों की नजर हरे रंग के झंडे पर पड़ी तो रोष फैलने लगा। वहां पहुंचने वाले फोटो और वीडियो बनाने लगे। इस दौरान पुलिस उन्हें रोकती रही। जल्द ही पुलिसकर्मियों ने मजदूरों को बुलाकर झंडा बदलवाकर गेट बंद करा दिया। इसके बाद माहौल सामान्य हो गया।
बजरंग दल के विजय सिंह की तहरीर पर अज्ञात लोगों के खिलाफ माहौल खराब करने का मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस की तीन टीम सीसीटीवी चेक कर शरारती तत्वों को चिह्नित कर रही हैं। उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
- दुर्गेश सिंह, एएसपी पूर्वी