पांच दिन के भीतर कंधई व कोहड़ौर थाना क्षेत्र में ताबड़तोड़ लूट की वारदातों को अंजाम देने वाले लुटेरे आखिरकार पुलिस के हत्थे चढ़ गए। पुलिस ने अंतर्जनपदीय सात लुटेरों को चमरौधा नदी के पास मुठभेड़ में धर दबोचा। उनके पास से लूट के 10 हजार रुपये, 18 मोबाइल, चार तमंचा व चार लूटी गई बाइकें बरामद हुई हैं। पुलिस ने मुकदमा दर्जकर उन्हें जेल भेज दिया।
पुलिस अधीक्षक अभिषेक सिंह ने बताया कि कोहड़ौर व कंधई इलाके में पांच दिनों से सब्जी विक्रेताओं व राहगीरों के साथ लूट की घटनाएं हो रही थीं। जिसके अनावरण के लिए स्वॉट टीम, कोहड़ौर व कंधई थानाध्यक्ष को लगाया गया। ट्रेनी आईपीएस अली अब्बास, एएसपी पूर्वी सुरेंद्र प्रसाद द्विवेदी व सीओ सिटी अभय पांडेय की देखरेख में बदमाशों की धरपकड़ के लिए पुलिस टीम लगी हुई थी।
कोहड़ौर के चमरौधा नदी के किनारे पुराने मंदिर के पास रविवार की रात पुलिस टीम ने बदमाशों की धरपकड़ के लिए दबिश दी। पुलिस को देखते ही बदमाश फायरिंग करते हुए भागे। पुलिस ने बचते हुए घेराबंदी कर सात बदमाशों को दबोच लिया। उनके पास से लूट की चार बाइक, 10 हजार रुपये, 18 मोबाइल, चार तमंचा व कारतूस बरामद किया।
पूछताछ में पकड़े गए शंकर, शहबान उर्फ कल्लू और लालू ने बताया कि उन लोगों ने 13 मार्च को मुकेश व राहुल वर्मा के साथ मिलकर फेनहा के पास शराब के सेल्समैन से 8000 रुपये, मोबाइल व मोटर साइकिल लूटी थी। मोबाइल राहुल वर्मा लेकर चला गया था। बरामद आठ हजार रुपये सेल्समैन के ही हैं। बाइक शहबान अली उर्फ कल्लू ले गया था।
लुटेरे लालू, शंकर और शुभम ने बताया कि उन लोगों ने मुकेश और राहुल के साथ मिलकर 12 मार्च को दीवानगंज में लूट की घटना को अंजाम दिया था। लूट में मिले मोबाइल को राहुल ने अपनी बहन को दे दिया था। बदमाश शंकर, साहिल, नीरज और शुभम ने बताया कुछ दिनों पहले मुकेश वर्मा के साथ मदाफरपुर में एक आदमी से मोबाइल व साढ़े आठ हजार रुपये लूटे थे।
नीरज, शुभम ,लालू और साहिल ने पूछने पर बताया कि दिनांक 24/25 मार्च की रात मुकेश के साथ मिलकर कई लूट की घटनाओं को अंजाम दिया था। जयपुरिया स्कूल के पास से 52 सौ रुपये व मोबाइल छीना था। छोलहापुर के पास आठ हजार रुपये मोबाइल लूटी गई थी। 24 मार्च को त्रिलोकपुर के करीब एक राहगीर से एक हजार रुपये व मोबाइल छीनी गई थी।
कंधई के जफरापुर के पास 24 की रात सब्जी विक्रेता से 4 हजार रुपये व मोबाइल लूट लिया था। लूट की घटनाओं का मास्टरमाइंड शातिर बदमाश हब्बू सरोज निवासी मदुरा रानीगंज के मौसी का लड़का मुकेश निवासी लाखीपुर है। वह अपने एक साथी के साथ फरार है। उसकी तलाश में पुलिस टीम लगी हुई है। पकड़े गए बदमाशों ने सुलतानपुर व अमेठी से बाइक लूटी थी। मुकदमा दर्ज कर सभी को जेल भेजा जा रहा है।
पुलिस के हत्थे चढ़े लुटेरे
- लालू प्रसाद सरोज उर्फ सिद्धार्थ सरोज पुत्र रामकुमार निवासी त्रिलोकपुर मठिया थाना पीपरपुर जनपद अमेठी
- नीरज कुमार गौतम पुत्र राजकुमार निवासी परशुरामपुर थाना कोहड़ौर
-शुभम सरोज पुत्र सुरेश सरोज निवासी पूरे सेई नरहरपुर थाना कोहड़ौर
-शंकर उर्र्फ रविशंकर वर्मा पुत्र सदाशिव निवासी खभोर थाना कन्धई
-शहबान अली उर्र्फ कल्लू पुत्र जमील अहमद निवासी मदुरा रानीगंज थाना कोहड़ौर
-साहिल पुत्र सलीम निवासी मदुरा रानीगंज थाना कोहड़ौर
-चंदन गिरी पुत्र हुबलाल गिरी निवासी त्रिलोकपुर मठिया थाना पीपरपुर जनपद अमेठी
फरार लुटेरों का सरगना
-मुकेश सरोज पुत्र सतई सरोज निवासी लाखीपुर थाना कोहड़ौर व एक अज्ञात