शनिवार रात जिले में तूफान और बारिश ने जमकर तबाही मचाई। तेज हवाओं के साथ हुई बारिश के चलते शहर से गांव तक की बिजली व्यवस्था ध्वस्त हो गई। जगह-जगह ब्रेकडाउन के साथ ही तार और खंभे टूट गए। टीनशेड उड़ गए। सैकड़ों गांवों की बिजली आधी रात से गुल हो गई।
शहर में भी कई इलाके प्रभावित हुए। दूसरे दिन भोर से बिजली विभाग की टीम आपूर्ति बहाल करने को लेकर मशक्कत करती रही। दोपहर बाद आपूर्ति बहाल हुई।
शनिवार को आधी रात तूफानी हवाओं संग बारिश शुरू हुई। गरज-चमक व तेज हवाओं संग बारिश से शहर से लेकर गांव तक की विद्युत आपूर्ति ठप हो गई। शहर में तूफानी बारिश से गायघाट के पास तार पर पेड़ गिर गया। रूपापुर, बाबागंज, दहिलामऊ, कादीपुर विद्युत उपकेंद्र से जुड़े मोहल्लों में जगह-जगह लोकल फाल्ट के चलते रातभर बिजली गुल रही।
इधर मेनलाइन में फाल्ट के चलते चिलबिला बाजार की बिजली रातभर गुल रही। विद्युत विभाग टीम ने काफी मशक्कत कर आपूर्ति बहाल की। आंधी-पानी से सदर तहसील क्षेत्र के संडवाचंद्रिका व अंतू विद्युत उपकेंद्र की मेन सप्लाई में आई खामी से आपूर्ति ठप हो गई। आधी रात अंतू नगर पंचायत, भवानीपुर, अंतू देहात, उमरी, अठगवां, दादूपुर, पारा अमीदपुर, संडवाचंद्रिका, जोगीपुर, बाबूगंज, किशुनगंज, कटका, किठावर, अंतू बझान, कोलबझान, सरूआवा सहित सैकड़ों गांवों की आपूर्ति ठप हो गई।
सुबह विद्युत विभाग की टीम आपूर्ति बहाल करने को जुटी। 4 घंटे की मशक्कत के बाद आपूर्ति बहाल हो सकी। सुबह 11 बजे आपूर्ति बहाल होने पर लोगों ने राहत की सांस ली। रानीगंज तहसील क्षेत्र में 33 हजार की मेन लाइन का ब्रेक डाउन हो गया। इससे न सिर्फ गौरा, खाखापुर, पांडेय तारा विद्युत उपकेंद्र की आपूर्ति बाधित हुई, बल्कि टाउन एरिया के साथ ही तौकलपुर विद्युत उपकेंद्र की आपूर्ति व्यवस्था प्रभावित हुई।
इसके अलावा जगह- जगह लोकलफाल्ट की भी समस्या आई। सुबह छह बजे के बाद विद्युत विभाग की टीम ने फाल्ट खोजना शुरू किया। भुपियामऊ मेन लाइन में दो जगह खामी पाई गई। करीब 11 बजे के बाद आपूर्ति बहाल हुई।
इसके अलावा दिनभर लोकल फाल्ट भी दुरुस्त किए जाते रहे। रानीगंज बाजार, तौकलपुर विद्युत उपकेंद्र की आपूर्ति भी प्रभावित रही। इसी तरह लालगंज, कुंडा, पट्टी क्षेत्र में जगह- जगह लोकल फाल्ट व विद्युत खामी के चलते आपूर्ति प्रभावित रही। अधिशाषी अभियंता चतुर्थ ने बताया कि मेन लाइन में खामी से आपूर्ति व्यवस्था प्रभावित हुई थी। फाल्ट दुरुस्त कर लिया गया है।
Storm water caused devastation in the district- फोटो : PRATAPGARH
Storm water caused devastation in the district- फोटो : PRATAPGARH
Storm water caused devastation in the district- फोटो : PRATAPGARH