ट्रेन में अब कैशलेस जुर्माना भर सकेंगे यात्री, टीईटी को उपलब्ध कराई गई 20 पीओएस मशीन
संवाद न्यूज एजेंसी
प्रतापगढ़। यदि आप के जेब में पैसा नहीं है। आप बेटिकट ट्रेन में सफर कर रहे है तो पकड़े जाने पर कैशलेस जुर्माना टीइटी वसूल कर आप को छोड़ देंगे। टिकट का विस्तार कराने या बर्थ लेने के लिए भी एटीएम कार्ड के माध्यम से भुगतान करना पड़ेगा। रेल प्रशासन द्वारा सेवा को शुरू करने के लिए प्रतापगढ़ जंक्शन के बीस टीईटी को प्वाइंट आफ सेल्स (पीओएस) मशीन उपलब्ध कराया है।
रेल प्रशासन का डिजिटल भुगतान पर काफी जोर है। बुकिंग काउंटर से रिजर्वेशन टिकट, जनरल टिकट खरीदने पर कैशलेस भुगतान की व्यवस्था है। पार्सल से माल बुक कराने पर भी कैशलेस किराया देने की व्यवस्था है। लेकिन ट्रेनों में चेकिंग के दौरान बिना टिकट पकड़े जाने पर जुर्माना देने, टिकट का विस्तार कराने या बर्थ आवंटित करने के लिए अतिरिक्त किराया देने पर यात्रियों को नकद भुगतान करना पड़ता था। कई बार यात्री जेब में पैसा न होने का बहाना बताकर सफर तय करते थे। मगर अब वे जेब में पैसा न होने का बहाना नहीं बना सकेंगे। बल्कि पकड़े जाने पर कैशलेश जुर्माने का भुगतान कर सकेंगे। भुगतान करने पर टीईटी मैनुअल सिस्टम से रसीद बनाकर यात्रियों को सीट मुहैया कराएंगे। मुख्य टिकट पर्यवेक्षक राकेश सिंह ने बताया कि बीस पीओएस मशीन मिली है। सभी टीईटी को मुहैया करा दी गई है। ड्यूटी से लौटकर आने के बाद वे जमा करते हैं। ड्यूटी पर जाते समय उन्हें फिर से पीओएस मशीन मुहैया कराया जाती है। राकेश सिंह ने बताया कि पीओएस मशीन मोबाइल नेटवर्क सिस्टम से संचालित होगी। यात्री जुर्माना व किराया का भुगतान एटीएम कार्ड से कर सकते हैं। इस व्यवस्था सेे टीइटी को मैनुअल रसीद भी नहीं बनाना पड़ेगा, बल्कि पीओएस मशीन रसीद प्रिंट कर यात्रियों को उपलब्ध करा देगी।
एंबुलेंस में गूंजी किलकारी, महिला ने बेटे को दिया जन्म
संवाद न्यूज एजेंसी
प्रतापगढ़। प्रसव पीड़िता को घर से अस्पताल लेकर जा रही एक एंबुलेंस में किलकारी गूंजने लगी। महिला ने बेटे को जन्म दिया। इससे पूरा परिवार खुश हो गया। हालाकि एंबुलेंस चालक और ईएमटी ने जच्चा-बच्चा को लेकर सीएचसी पहुंचे। यहां चिकित्सकों ने जांच किया। दोनों स्वास्थ्य पाए गए।
कंधई थाना क्षेत्र के पुरुषोत्तमपुर जयसिंह गढ़ गांव निवासी रीता पत्नी अरविंद कुमार गर्भवती थी। बृहस्पतिवार की सुबह साढ़े सात बजे के करीब प्रसव पीड़ा होने लगी। परिजनों ने 102 एंबुलेंस को सूचना दी। मौके पर पहुंची 102 एंबुलेंस प्रसव पीड़िता को लेकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बाबा बेलखरनाथ आ रही थी। थाना क्षेत्र के बिबिया करनपुर गांव के पास रीता ने बेटे को जन्म दिया। एंबुलेंस में तैनात ईएमटी शुभम कश्यप तथा पायलट राकेश मिश्रा ने अपनी सूझबूझ के साथ रीता का प्रसव कराया। उसके बाद अस्पताल लेकर पहुंचे जहां दोनों मां-बेटे इलाज के बाद स्वस्थ और सामान्य स्थिति में बताए गए।
एक ही आरक्षण काउंटर के संचालन से यात्री परेशान
प्रतापगढ़। रेल विभाग के अधिकारियों की उदासीनता के चलते आरक्षण का टिकट लेने के लिए लोगों को समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। रेलवे आरक्षण काउंटर पर टिकट का एक काउंटर संचालन होने से लोगों को समस्याएं हो रही हैं, जबकि पूर्व में आरक्षण टिकट के लिए दो काउंटर संचालन होते रहे हैं। उक्त समस्या को लेकर ज्योति कुमार तिवारी ने स्टेशन अधीक्षक से वार्ता करते हुए मामा निस्तारित कराने की बात कही। स्टेशन अधीक्षक ने आश्वासन दिया कि शुक्रवार से दोनों काउंटरों का संचालन किया जाएगा।