मनमानी बिजली कटौती के विरोध में कांग्रेसियों ने सोमवार को भंगवा चुंगी चौराहे पर बिजली विभाग के एक्सईएन का पुतला फूंका। आपूर्ति में सुधार न होने पर आंदोलन करने की चेतावनी दी।
बता दें कि बिजली कटौती से लोगों को आ रही समस्या को लेकर ‘अमर उजाला’ ने रविवार को खबर प्रकाशित की थी। सोमवार को खबर का असर दिखा। मो. दानिश माबूद के नेतृत्व में कांग्रेसियों ने बिजली विभाग की ओर से की जा रही बिजली कटौती व मनमाने रोस्टर के विरोध में एक्सईएन का पुतला फूंका। इस मौके पर कहा गया कि रात के समय होने वाली कटौती से लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
शहर में 24 घंटे में 10 घंटे भी बिजली नहीं मिल पा रही है। लोकल फाल्ट के नाम पर भी कटौती की जा रही है। इस समय स्नातक की परीक्षाएं चल रही हैं। कटौती से उनकी पढ़ाई में बाधा आ रही है। मो.दानिश ने कहा अगर कटौती बंद नहीं की गई तो कार्यकर्ता सड़क पर उतर आएंगे। संचालन सदर विधान सभा उपाध्यक्ष अमित दूबे ने किया। इस अवसर पर मो.अफजल, आदर्श सिंह, सुहैल, अमन, अनीस, राजा सिंह, राजू, सलमान, रोहित, संदीप आदि रहे।