92 पेटी अवैध शराब चोरी से कोतवाली उठा लाना लालगंज कोतवाल को महंगा पड़ा। एएसपी की जांच रिपोर्ट मिलते ही पुलिस अधीक्षक ने लालगंज कोतवाल को लाइनहाजिर कर दिया। उन्होंने कहा कि महेशगंज से बरामद अवैध शराब के आरोपियों पर गैंगेस्टर की कार्रवाई होगी।
पुलिस अधीक्षक एमपी वर्मा ने मंगलवार की देर रात चोरी से अवैध शराब कोतवाली में लाकर रखने के मामले में कोतवाल बिहागड़ सिंह यादव को दोषी पाया। इसलिए उन्हें तत्काल लाइन हाजिर कर दिया। उनके स्थान पर पीआरओ अमित पांडेय को प्रभारी कोतवाल बनाकर भेजा गया है। पुलिस लाइन के दरोगा मृत्युजंय मिश्रा को पीआरओ बनाया गया है। भुपियामऊ चौकी प्रभारी एसके अवस्थी को कोतवाली का एसएसआई बनाया गया। फतनपुर के दरोगा सियाराम को भुपियामऊ चौकी की कमान सौंपी गई है। पुलिस अधीक्षक ने साफ कहा है कि अवैध शराब के कारोबार में जिन लोगों का नाम प्रकाश में आया है या फिर वे आरोपी बनाए गए हैं उन सभी के खिलाफ गैंगेस्टर की कार्रवाई की जाएगी।