फेरीवालों के ट्रक को पिकअप ड्राइवर ने साइड मार दी। इससे वह अनियंत्रित होकर पलट गया। पिकअप एक बाइक सवार को सामने टक्कर मारते हुए काफी दूर तक घसीट ले गई। घटना में दर्जन भर लोगों को चोटें आईं हैं। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को अस्पताल भेजवा दिया।
अमेठी जनपद के जायस थाना क्षेत्र चटटैलपुर गांव निवासी कुछ फेरीवाले ट्रक से सामान लेकर इलाहाबाद की तरफ जा रहे थे। कोतवाली क्षेत्र के पुरबियन का पुरवा के पास एक पिकअप ट्रक को ओवरटेक करने लगी। सामने से आते वाहनों से बचने के लिए उसने ट्रक में साइड से टक्कर मार दी। इससे ट्रक अनियंत्रित होकर पलट गया। ट्रक को अनियंत्रित होते देख पिकअप चालक ने दूसरी साइड ली। इससे सामने से आ रहा बाइक सवार उसकी चपेट में आ गया। पिकअप उसकी बाइक पर चढ़ती हुई गड्ढे में चली गई। इससे बाइक सवार यामीन (22) पुत्र शमीम अहमद निवासी बाबूगंज बाजार को गंभीर चोटें आईं। आसपास के लोगों ने पिकअप ड्राइवर को पकड़ लिया और सूचना देकर पुलिस के हवाले कर दिया।
मौके पर पहुंची पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से ट्रक में फंसे लोगों को बाहर निकाला। इस दौरान ट्रक में रहे अनीश अहमद (38), नगीना (70), मो.शरीफ (40), बाजी (60), नब्बन (60), इमरान (25), अकरम (24), बेबी (18), सपना (30), शानव (35), मो.दिलदार (22), वाजिदा (55), रेहाना (35) घायल हो गए। सभी इतना डर गए थे कि वह अस्पताल जाने के लिए भी राजी नहीं हो रहे थे। उधर, एक अन्य घटना में देशराज का इनारा के पास देर रात ट्रक पलट गया। यह ट्रक उत्तराखंड से छत्तीसगढ़ के लिए मुर्गी का दाना लेकर जा रहा था। ड्राइवर बबलू (40) निवासी उग्रसेनपुर फूलपुर ने बताया कि अनियंत्रित होने के कारण ट्रक पलट गया।