दोस्तों के साथ रिश्तेदारी में जा रहे युवकों की बाइक को ट्रैक्टर ने रौंद दिया। हादसे में बाइक सवार दो युवकों की मौत हो गई, जबकि एक युवक की हालत नाजुक बनी हुई है।
डाक्टरों ने उसे प्रयागराज रेफर कर दिया। मौके पर पहुंचे ग्रामीणों ने पुलिस को शवों को उठाने से रोक दिया। खबर लिखे जाने तक पुलिस ग्रामीणों को समझाने का प्रयास कर रही थी।
हथिगवां थाना क्षेत्र के बिजलीपुर गांव निवासी विजय कुमार (22) पुत्र बनवारी लाल अपने मित्र जानकी सिंह का पुरवा निवासी नीरज कुमार (20) पुत्र सरजू प्रसाद व धीरेंद्र के साथ शुक्रवार की शाम बाइक से अपनी रिश्तेदारी बाघराय थाना क्षेत्र के बंशियारा गांव जा रहा था। हथिगवां थाना क्षेत्र के कुढ़ा गांव के पास जेसीबी से मिट्टी खोदी जा रही थी।
इस दौरान वहां से मिट्टी लेकर निकल रहे अनियंत्रित ट्रैक्टर ने युवकों की बाइक को रौंद दिया। हादसे में बाइक सवार विजय कुमार और नीरज की मौके पर ही मौत हो गई।
जबकि धीरेंद्र को गंभीर चोटें आईं। घटना के बाद चालक ट्रैक्टर लेकर भाग रहा था, लेकिन ग्रामीणों ने दौड़ाकर उसे पकड़ लिया। मौके पर पहुंची पुलिस ट्रैक्टर लेकर थाने चली गई।
इधर, ग्रामीणों ने पुलिस को शवों को कब्जे में लेने से रोक दिया। मौके पर भारी संख्या में ग्रामीण जुट गए और वह शव को ले जाने से मना करने लगे। उनकी मांग थी कि ट्रैक्टर को मौके पर लाया जाए। खबर लिखे जाने तक पुलिस ग्रामीणों को समझाने में लगी थी। उधर, युवकों की मौत की सूचना से परिजनों में कोहराम मच गया।