कार्रवाई से हर कोई हैरान
आतंकी कनेक्शन की शंका में एटीएस के हत्थे चढ़े इम्तियाज उर्फ कल्लू ने लॉकडाउन में मुंबई से घर आकर मछली पालन के लिए तालाब खुदवाया। बकरी पालन का भी कारोबार शुरू किया। वह मुर्गी पालन का भी काम करने लगा। उसकी पत्नी मदीना उसके काम में हाथ बंटाती थी। एटीएस की कार्रवाई के बाद इलाके के लोग हैरान हैं। बुधवार को ग्रामीणों की भारी भीड़ मामले की हकीकत जानने के लिए उसके घर पहुंची। गांव के कुछ लोग उसके बारे में पता करने के लिए महेशगंज थाने पर पहुंचे, मगर वहां से कोई जानकारी नहीं मिली। पिता मुमताज भी बेटे की गिरफ्तारी से हैरान हैं। वह कुछ समझ नहीं पा रहे हैं।
मुंबई से तो नहीं जुड़ा है आतंकी कनेक्शन
डिहवा जलालपुर निवासी इम्तियाज उर्फ कल्लू की शादी वर्ष 2003 में मदीना के साथ हुई थी। शादी के पहले से ही कल्लू मुंबई में सिलाई की कंपनी में काम कर रहा था। सालभर के भीतर अवकाश लेकर घर आता था। ग्रामीणों में इस बात की चर्चा होती रही कि कहीं मुंबई में रहने के दौरान तो कल्लू किसी आतंकी गतिविधि में संलिप्त व्यक्ति के संपर्क में नहीं आया था। छानबीन के बाद एटीएस उसे खोजते हुए डिहवा तक पहुंची हो। इस बात की भी चर्चा होती रही कि मुंबई में रहने के दौरान वह किसी से बातचीत करता रहा हो। फिलहाल एटीएस की पूछताछ के बाद ही कल्लू की गिरफ्तारी की हकीकत सामने आ सकेगी।