केंद्रीय मंत्री व अपना दल एस की राष्ट्रीय अध्यक्ष अनुप्रिया पटेल ने बुधवार को जिले में दो जनसभाएं कर सपा पर जमकर हमला बोला। उन्होंने कहा कि प्रदेश में सपा का सूपड़ा साफ होने वाला है। प्रदेश की जनता ने मन बना लिया है। विकास, सुशासन और सामाजिक न्याय के मूलमंत्र को लेकर साथ चलने वाली भाजपा गठबंधन की सरकार फिर से यूपी में बनने वाली है। अपना दल एस व भाजपा गठबंधन की सरकार में सबका विकास हो रहा है।
अनुप्रिया ने कहा कि रानीगंज में समाजवादी पार्टी ने जिसे प्रत्याशी बनाकर भेजा है, उसे बहुजन समाज पार्टी ने निकालकर फेंक दिया था। तब वह गिड़गिड़ाते हुए अपना दल की शरण में आया था। अपना दल ने उसे दो बार विधायक बनाया। उसको प्रदेश अध्यक्ष बनाकर सम्मानित किया था। उस व्यक्ति ने दोनों बार अपने कार्यकाल में अपना दल के कार्यकर्ताओं का मनोबल गिराया और पार्टी व संगठन के खिलाफ बगावत करने के सिवा कोई और काम नहीं किया।
सपा प्रत्याशी पर हमला बोलते हुए कहा कि अरे ... उसकी क्या हैसियत थी, उसकी जो हैसियत थी, वह आपने व अपना दल ने बनाई थी। लेकिन वह आपकी पार्टी की पीठ में खंजर भोंककर गया है। उसके साथ क्या सुलूक होना चाहिए। वह समाजवादी पार्टी का है, अपना दल का नहीं। साइकिल का बटन दबाने से सपा मजबूत होगी। उन्होंने कहा कि अपना दल वालों कान खोलकर सुन लो।
तुम्हारा सम्मान, तुम्हारा स्वाभिमान, तुम्हारी ताकत और तुम्हारी शान...ये तुम्हारा केसरिया नीला झंडा है। कार्यकर्ताओं की पीठ में छूरा भोंकने वाला तुम्हारा सगा कभी नहीं हो सकता। इसे ध्यान रखना। अगर हम ताज पहनाना जानते हैं, तो मिट्टी में मिलाना भी जानते हैं। अपनादल वालों यद्ध अपने लोगों को बता देना, कोई गफलत में न रहे। हमारी पार्टी और हमारे झंडे की शान के आगे कोई कुछ नहीं है।
27 फरवरी को अपना दल भाजपा गठबंधन को जीताना है। धीरज ओझा को वोट देना। इस अवसर पर पूर्व विधायक राम शिरोमणि शुक्ला, अपना दल एस महासचिव राजेंद्र कुमार, अपना दल जिलाध्यक्ष बृजेश पटेल, जयंत उपाध्याय, कुलदीप, राकेश सरोज आदि मौजूद रहे।
इसी तरह रामपुर खास में रानीगंज कैथोला में केंद्रीय मंत्री अनुप्रिया पटेल ने भाजपा प्रत्याशी नागेश प्रताप सिंह के समर्थन में चुनावी जनसभा की। उन्होंने कहा कि रामपुर खास में इस बार छोटे सरकार को बड़ा सरकार बनाना है। यह छोटा बहुत काम का है। उन्होंने कहा कि रामपुर में खास है, इसलिए काम भी कुछ खास होना चाहिए। उन्होंने कहा कि मुझसे कुछ लोग कहते है, कि रामपुर खास का जमाना नहीं बदलता है। इस बार रामपुर खास का जमाना बदलना है।
संघर्षों का एक साथी है जीतलाल पटेल
बेल्हा की मिट्टी पर संस्थापक डॉ. सोनेलाल पटेल का बड़ा संघर्ष है। दबे, कुचले समाज को जगाने के लिए डॉ. सोनेलाल पटेल ने बहुत खून पसीना बहाया है। उन संघर्ष के दिनों के एक साथी जीतलाल पटेल हैं। उन्हें इस बार विश्वनाथगंज से टिकट दिया है।
दमदार विधायक है धीरज ओझा
अनुप्रिया ने कहा कि धीरज ओझा क्षेत्र में 1100 करोड़ रुपये का काम लेकर आए हैं। यह सामान्य बात नहीं है। दमदार विधायक इतना पैसा लेकर आ सकता है। सरकारी खजाने से पैसा निकालना मुश्किल काम होता है भाई। जो दमदार विधायक होता है, वही निकाल पाता है।
रसगुल्ला खाना छोड़े, इमरती खाना शुरू करें
रामपुरखास विधानसभा के रानीगंज कैथौला में आयोजित जनसभा को संबोधित करते हुए केंद्रीय मंत्री अनुप्रिया पटेल ने जनता से परिवर्तन की मांग की। उन्होंने कहा कि सबको रसगुल्ला पसंद है। इतने सालों से आप रसगुल्ला खाते आ रहे हो, मुंह का स्वाद नहीं बिगड़ा। अब स्वाद परिवर्तन करें। इमरती खाना शुरू करें।