छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने बुधवार को कांग्रेस प्रत्याशियों के समर्थन में सदर विधानसभा के मदाफरपुर और रामपुर खास के रानीगंज कैथौला में चुनावी जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि यूपी में कांग्रेस की सरकार बनने पर छत्तीसगढ़ मॉडल लागू होगा। कांग्रेस के बाद अभी तक भाजपा, बसपा व सपा ने प्रदेश में सरकार जरूर बनाई, मगर छत्तीसगढ़ जैसी योजनाएं संचालित नहीं कीं। अब तक हुए चुनाव के परिणामों के रूझान देख गृहमंत्री की जुबान लड़खड़ाने लगी है।
सदर विधानसभा के मदाफरपुर में कांग्रेस प्रत्याशी डॉ. नीरज त्रिपाठी के समर्थन में आयोजित जनसभा में सीएम भूपेश बघेल ने कहा कि आवारा मवेशियों की समस्या भाजपा की देन है। भाजपा जाति-धर्म के नाम पर लोगों को बांटकर फूट डालो, राज करो की नीति पर काम कर रही है। उन्होंने दावा किया कि उत्तराखंड में भाजपा साफ हो रही है और पंजाब में नामोनिशान नहीं है।
उत्तर प्रदेश के तीन चरणों के मतदान का रूझान देख गृहमंत्री की जुबान लड़खड़ाने लगी है और वे 12वीं पास कर इंटर में प्रवेश लेने वालों को लैपटॉप देने की बात कर रहे हैं। छत्तीसगढ़ में लागू योजनाओं का हवाला देते हुए कहा कि हमने 2 लाख 80 हजार नवयुवकों को अब तक रोजगार दिया है। उत्तर प्रदेश बड़ा राज्य है। यहां कांग्रेस की सरकार बनी तो 20 लाख रोजगार देंगे।
इस मौके पर पूर्व सांसद प्रमोद तिवारी ने भी केंद्र व प्रदेश की भाजपा सरकार को कोसा। कहा कि कांग्रेस ही जनता की समस्याओं को दूर करने के लिए बेहतर योजनाएं लागू करेगी। इसके बाद मंच पर मौजूद प्रत्याशी डा. नीरज त्रिपाठी,पट्टी की सुनीता पटेल,रानीगंज के मौलाना अब्दुल वाहिद के पक्ष में अपना समर्थन देने को कहा।
समारोज में जिलाध्यक्ष डा. लालजी त्रिपाठी, इरफान अली, दानिश माबूद, प्रशांत शुक्ला समेत अन्य नेता मौजूद रहे। वहीं, दूसरी ओर रामपुर खास विधानसभा के रानीगंज कैथौला में कांग्रेस प्रत्याशी आराधना मिश्रा मोना के समर्थन में आयोजित जनसभा को संबोधित करते मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने भाजपा सरकार पर जमकर हमला बोला। कहा कि भाजपा सरकार जुमलेबाजों की सरकार है और झूठे वादे कर जनता को धोखा देती है।
काला धन वापस लाकर सभी को पंद्रह लाख रुपये देने का वादा जुमला साबित हुआ। कांग्रेस की सरकार सत्ता में आई तो छत्तीसगढ़ की तरह किसानों के कर्ज माफ किए जाएंगे। इस मौके पर सपा के छत्तीसगढ़ महासचिव मो. नियाज, राम गिंडलानी, कामता पटेल, टीपी यादव, मुकेश मिश्रा, ब्लाक प्रमुख अमित सिंह, लालजी यादव, व्यापार मंडल अध्यक्ष जय प्रकाश जायसवाल, कुंवर ज्ञानेंद्र सिंह, छोटे सिंह, डॉ. चंद्रेश सिंह, पप्पू तिवारी, केडी मिश्र आदि मौजूद रहे। कांग्रेस प्रत्याशी आराधना मिश्रा मोना ने मेहमानों का स्वागत करते हुए क्षेत्र में विकास, अमन के लिए लोगों से समर्थन मांगा।
प्रधानमंत्री मोदी देश की जनता से बोलते हैं झूठ: दिग्विजय सिंह
रामपुर खास विधानसभा के रानीगंज कैथौला बाजार के करीब कांग्रेस प्रत्याशी आराधना मिश्रा मोना के समर्थन में जनसभा को संबोधित करते हुए मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री व कांग्रेस के राज्यसभा सदस्य दिग्विजय सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी देश की जनता के साथ झूठ बोलते हैं।
हमेशा लोगों को गुमराह करने का काम करते हैं। उनके झांसे में अब जनता नहीं आने वाली। कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी की सराहना करते हुए सिंह ने कहा कि 40 प्रतिशत टिकट महिलाओं को देकर उनका हक व चेतना दिलाने की मजबूत पहल की है। कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए सीडब्ल्यूसी मेंबर प्रमोद तिवारी ने कहा कि कांग्रेस विकास की सोच रखती है और हमेशा से गरीबों व किसानों के साथ युवाओं व महिलाओं की हितैषी है।