जिले के सभी डाकघर जल्द ही सीआईएस (कोर इंटीग्रेशन सिस्टम) से जुड़ेंगे। इससे डाकघरों में आर्टिकल स्कैनिंग के झंझट से निजात मिल जाएगी। साथ ही स्पीड पोस्ट, रजिस्ट्री आदि पहुंचने में लेटलतीफी नहीं होगी। कार्यालयों की कार्य व्यवस्था में भी सुधार दिखेगा।
मुख्यालय स्थित प्रधानडाकघर के अलावा जिलेभर के उपभोक्ताओं को सुविधा प्रदान करने के लिए 44 उपडाकघर व 320 शाखा डाकघर हैं। अब तक प्रधानडाकघर व उपडाकघर सीआईएस (कोर इंटीग्रेशन सिस्टम) से जुड़े नहीं थे। यह व्यवस्था न होने से स्पीड पोस्ट व रजिस्ट्री का आर्टिकल स्कैन करना पड़ता था। इसके बाद इसे आनलाइन करने के बाद भेजा जाता था। कार्य कम होने पर तो किसी तरह इसे कर लिया जाता था, मगर वर्क लोड बढने पर इसमें बड़ी असुविधा होती थी।
रजिस्ट्री व स्पीड पोस्ट में देरी हो जाती थी। अब इन असुविधाओं से निजात मिल जाएगी। सभी डाकघर सीआईएस (कोर इंटीग्रेशन सिस्टम) जुड़ जाएंगे। इस व्यवस्था से उपभोक्ताओं को सुविधा मिलने के साथ ही कार्यालय की कार्यप्रणाली भी बेहतर होगी। सीनियर पोस्ट मास्टर एके द्विवेदी ने बताया कि जल्द ही यह व्यवस्था शुरू हो जाएगी। प्रधानडाकघर से उप डाकघर तक की व्यवस्था में बदलाव दिखेगा।