कचहरी में एनआईसी के सामने अधिकारियों का घेराव करने को जुटे धनगर समाज के लोग। संवाद
- फोटो : PRATAPGARH
अनुसूचित जाति का प्रमाण पत्र नहीं जारी होने पर बीते बीस दिन से राष्ट्रीय धनगर महासभा के पदाधिकारी धरना दे रहे हैं। सोमवार को भारी संख्या में समाज के लोगों की भीड़ धरनास्थल पर जमा हो रही थी। इस बीच भेड़ों को लेकर आने की सूचना पर पुलिस परेशान हो गई। कचहरी, कोर्ट के आसपास व डीएम आवास पर पीएसी तैनात कर दी गई।
पुलिस को सूचना मिली थी कि सोमवार को कचहरी परिसर में धनगर समाज के लोग भेड़ लेकर पहुंचेंगे। इसके बाद सीओ सिटी, एसडीएम सहित पुलिस टीम का सिरदर्द बढ़ गया। सुबह ही कचहरी के सभी गेटों पर पीएसी के जवानों को तैनात कर दिया गया। कोर्ट परिसर, एसपी कार्यालय व डीएम आवास के आसपास सिपाहियों को तैनात किया गया था।
कचहरी में राष्ट्रीय धनगर महासभा के बैनर तले भारी संख्या में समाज के लोगों ने मांगों को लेकर आवाज बुलंद की। सुबह से दोपहर तक धरनास्थल तक पुलिस भेड़ों को लाने से रोकने के लिए पैदल गश्त कर रही थी। हालांकि धनगर समाज के लोग धरने में भेड़ लेकर नहीं पहुंचे। संगठन के जिलाध्यक्ष पारसनाथ पाल के नेतृत्व में मांगों से संबंधित ज्ञापन राज्यपाल को भेजा गया।