गौरा ब्लाक के फतनपुर थाने में भरा पानी। संवाद
फतनपुर थाने के पास से गुजरी रजबहा छोटी नहर कटने से खेतों के साथ ही पानी थाना परिसर में भर गया है। इससे वादकारी व पुलिसकर्मियों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
फतनपुर थाना परिसर के करीब से ही छोटी नहर गुजरी है। शुक्रवार को नहर कटने से लोगों के खेतों में पानी भर गया। शाम को थाना परिसर में भी पानी भरने लगा। शनिवार की सुबह तक पूरा थाना परिसर पानी से लबालब भर गया। लोगों को थाने के कार्यालय तक पहुंचने के लिए पानी से होकर गुजरना पड़ रहा था। थाना परिसर के आसपास न तो हाईवे की ओर से और न ही पीछे से जलनिकासी का कोई इंतजाम है। थानाध्यक्ष धर्मेंद्र सिंह ने बताया कि बीडीओ को शिकायती पत्र देकर रजबहा का पानी बंद कराने व जलनिकासी का प्रबंध कराने को कहा गया, लेकिन देर शाम तक कोई मदद नहीं मिली।