रानीगंज विधान सभा क्षेत्र के शिवगढ़ ब्लाक के अंतर्गत हरिपालमऊ और देल्हूपुर बाजार के लोगोें को दीपावली पर नए अस्पतालों का तोहफा मिल गया है। दोनों ही स्थानों पर एक-एक प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र बनाए जाने की कवायद शुरू कर दी गई है। पीएचसी निर्माण के संबंध में ग्राम पंचायतों के प्रस्तावों पर सीएमओ डॉ. यूके पांडेय ने मुहर लगा दी है। अपनी संस्तुति के साथ प्रस्ताव को शासन के पास मंजूरी प्रदान करने के लिए भेजा जा रहा है। इन दो स्वास्थ्य केन्द्रों की मंजूरी के बाद शिवगढ़ ब्लाक में कुल पांच अस्पताल हो जाएंगे। दो सीएचसी रानीगंज, वीरापुर और एक पीएचसी दुर्गापुर पहले से है। इन दोनों पीएचसी को मिला दिया जाए तो जिले में पीएचसी की संख्या साठ हो जाएगी।
दोनों ही गांव के इर्द-गिर्द सरकारी अस्पताल की सुविधा नहीं हैं। यहां के लोगों को इलाज के लिए रानीगंज सीएचसी या फिर दुर्गापुर पीएचसी जाना पड़ता है। जो कि गांव से दूर है। साधन की भी दिक्कत रहती है। कई गंभीर रोगी अस्पताल पहुंचने से पहले ही दम तोड़ चुके हैं। अब लोगों को काफी राहत मिलेगी। ग्रामीणों की चिकित्सीय असुविधा को ध्यान में रखते हुए क्षेत्रीय विधायक और प्रदेश के चिकित्सा शिक्षा मंत्री प्रो. शिवाकांत ओझा ने अस्पताल बनाने का आश्वासन लोगों को दिया था। स्वास्थ्य महकमे से मिली जानकारी के अनुसार देल्हूपुर और हरिपाल ग्राम पंचायत से नई पीएचसी बनाने संबंधी प्रस्ताव पारित कर दिया गया। प्रस्ताव सीएमओ के पास भी चला गया। सीएमओ ने उस पर विचार-विमर्श के बाद प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के निर्माण की मंजूरी शासन से मांगेंगे। मंजूरी मिलने के बाद अस्पताल का निर्माण शुरू हो जायेगा। सीएमओ डॉ. यूके पांडेय ने बताया कि दोनों ग्राम पंचायतों से प्रस्ताव आया है। उसको शासन के पास भेजा जाएगा।