हथिगवां के किलहनापुर पूर्व माध्यमिक विद्यालय में चल रही भुतही पंचायत।
- फोटो : PRATAPGARH
विद्यालय में घंटों चलती रही भूत-प्रेत की पंचायत, पठन-पाठन बाधित
दो पक्षों में भूत-प्रेत को लेकर चल रहा था विवाद
अमर उजाला ब्यूरो
कुंडा। अंधविश्वास की भी एक सीमा होती है लेकिन लोग आज के युग में भी भूतप्रेत पर विश्वास करते हुए मारपीट पर अमादा हो जाते हैं। लोग पंचायत भी करते हैं। ऐसा ही कुछ हथिगवां थाना क्षेत्र के पूर्व माध्यमिक विद्यालय किलहनापुर में देखने को मिला। भुतही पंचायत के चलते बच्चों की पढ़ाई बाधित रही। शिक्षक और बच्चे भी पंचायत में व्यस्त रहे।
गुरुवार की सुबह पूर्व माध्यमिक विद्यालय किलहनापुर खुलने के पहले ही परिसर में गांव के कुछ लोग पंचायत लगाकर जमे रहे। परिसर में बाकायदा दोनों पक्षों के बीच भूत प्रेत व ओझाई करने वाले लोग अपनी बात रख रहे थे। एक पक्ष का आरोप था कि दूसरे पक्ष ने भूत कर दिया है। इसको लेकर दोनों पक्षों में तनातनी भी देखने को मिली। मौके पर कुछ लोग लाठी डंडा लेकर भी आ गए थे। ओझाई के दौरान दोनों एक दूसरे पर आरोप प्रत्यारोप लगाते रहे। पंचायत के चलते विद्यालय का पठन-पाठन पूरी तरह से बाधित रहा। ग्रामीणों की मानें तो स्कूल के समय भी पंचायत के कारण शिक्षक व बच्चों का भी जमघट लगा रहा। विद्यालय परिसर में चल रही पंचायत बेनतीजा रही। एबीएसए रतनलाल ने कहा कि यदि स्कूल के समय परिसर में पंचायत होती रही तो संबंधित शिक्षकों पर कार्रवाई होगी। स्कूल में तैनात शिक्षकों से स्पष्टीकरण मांगा जाएगा।