जिले में कोरोना का कहर बढ़ता जा रहा है। पट्टी इलाके के कोरोना संक्रमित एक युवक की मंगलवार को लखनऊ में इलाज के दौरान मौत हो गई। जबकि 25 नए केस सामने आए हैं। जिले में अब कोरोना संक्रमितों की संख्या बढ़कर 314 पहुंच गई है।
अब तक 12 लोगों की मौत हो चुकी है। एसपी कार्यालय में तैनात बाबू, सांसद संगमलाल गुप्ता के प्रतिनिधि और निजी सचिव भी कोरोना की चपेट में आ गए हैं। नगर कोतवाली में तैनात सिपाही व कोहड़ौर सीएचसी में कार्यरत एक्सरे टेक्नीशियन की रिपोर्ट भी पाजिटिव आई है। कोतवाली को सील कर दिया गया है।
जिले में कोरोना का ग्राफ दिनोंदिन बढ़ता जा रहा है। मंगलवार को कुुल 393 लोगों की रिपोर्ट आई। जिसमें से 25 लोग पाजिटिव मिले हैं। जिले के पट्टी का रहने वाला एक युवक ढकवा स्थित प्राइवेट चिकित्सक के यहां कंपाउंडर का काम करता था।
कुछ दिनों पहले उसकी तबियत खराब हो गई। कोरोना संक्रमित होने के बाद परिजन उसे केजीएमयू ले गए। जहां उपचार के दौरान मंगलवार को उसकी मौत हो गई। खबर घर पहुंचने पर सनसनी फैल गई। ढकवा से लेकर पट्टी तक हड़कंप मचा रहा।
उधर, सांसद संगलमलाल गुप्ता के प्रतिनिधि व निजी सचिव की रिपोर्ट भी पाजिटिव आई है। भंगवाचुंगी के रहने वाले ट्रांसपोर्टर के परिवार के चार सदस्य भी कोरोना की गिरफ्त में आ गए हैं। जिला अस्पताल के सीएमएस डा. पीपी पांडेय के कोरोना संक्रमित निकलने के बाद उनका फालोअर भी पीड़ित मिला है। कोहड़ौर सीएचसी में तैनात एक्सरे टेक्नीशियन, सैफाबाद का युवक भी कोरोना पीड़ित निकला है।
नगर कोतवाली के सीसीटीएनएस में तैनात सिपाही भी संक्रमण की चपेट में आ गया। पुलिस अधीक्षक कार्यालय का एक लिपिक की रिपोर्ट भी कोरोना पाजिटिव आई है। सैफाबाद के रहने वाले बुजुर्ग का उपचार केजीएमयू में चल रहा है। जांच में वह भी कोरोना संक्रमित निकला। लक्ष्मणपुर विकासखंड के चंदापुर के रहने वाले युवक ने मंगलवार दोपहर कोरोना की जांच कराई। उसे बुखार आ रहा था।
जांच में वह भी कोरोना संक्रमित निकला। मंगलवार को कुल 25 लोगों की कोरोना रिपोर्ट पाजिटिव आई है। अब जिले में संक्रमित लोगों की संख्या 314 पहुंच गई है। इनमें 12 लोगों की मौत हो चुकी है। सीएमओ डा. अरविंद श्रीवास्तव ने बताया कि कोरोना संक्रमित मरीज मिलने वाले स्थानों को सील कराने के लिए रिपोर्ट भेजी जा रही है। संक्रमित लोगों के संपर्क में आए लोगों की जांच कराई जाएगी।