संदिग्ध हालत में विवाहिता की मौत, हत्या का आरोप
पृथ्वीगंज। संदिग्ध हालत में विवाहिता की मौत हो गई। मायके वालों ने ससुराली जनों पर जहर देकर हत्या करने का आरोप लगाया है। मौके पर पहुुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
नगर कोतवाली के पूरे हिरावन मुल्लापुर निवासी मोहम्मद कैश की शादी अल्फिया बानो (19) के साथ एक साल पहले हुई थी। शादी के बाद दोनों का दाम्पत्य जीवन बेहतर चल रहा था। मंगलवार की सुबह करीब दस बजे अचानक उसके सिर में तेज दर्द होने लगा। यह देख परिजन उसे लेकर निजी चिकित्सक के पास शंकरगंज गए। डॉक्टर ने उसकी हालत गंभीर देख जिला अस्पताल रेफर कर दिया। अस्पताल ले जाते समय रास्ते में उसकी मौत हो गई। जिससे घर में कोहराम मच गया। खबर मिलने पर मायके वाले भी आ गए। वह ससुरालीजनों पर उसे जहर देकर हत्या का आरोप लगाने लगे। मौके पर पहुंची पुलिस ने मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में पंचायतनामा भरने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
सार्वजनिक रास्ते को दबंगों ने जोता, आवागमन बाधित
रखहा। सार्वजनिक रास्ते को दबंगों ने जोत लिया। जिससे आसपास के गांवों में आने-जाने वालों का रास्ता बंद हो गया। कंधई थाना क्षेत्र के बिबियाकरनपुर गांव से जयसिंहगढ़, रत्तूपुर, पूरे दुलम सहित आसपास के गांवों में जाने के लिए चकमार्ग था। जयसिंहगढ़ गांव के दबंग लोगों ने उस चकमार्ग को ट्रैक्टर से जुतवा दिया। इसकी शिकायत जयसिंहगढ़ के ही इश्तियाक अहमद ने पुलिस से की। उसका आरोप है कि कई गांवों को जोड़ने वाले संपर्क मार्ग काट लिए जाने से लोगों का आवागमन पूरी तरह बंद हो गया है।
युवक की मौत मामले में टॉपटेन बदमाश को भेजा जेल
हादसे में युवक की मौत के बाद पुलिस टॉपटेन अपराधी को घर से उठा लाई थी
परिजन जता रहे हत्या की आशंका, पुलिस मान रही हादसा
संवाद न्यूज एजेंसी
रखहा। दो दिन पहले दुर्घटना में युवक की मौत हो गई थी। परिवार के लोग उसकी हत्या की आशंका जता रहे थे। पुलिस ने उसके साथ मौजूद टॉपटेन बदमाश को घर से दबोच लिया। पूछताछ में उससे कोई क्लू नहीं मिल सका। दो दिनों तक पूछताछ के बाद पुलिस ने उसका चालान कर दिया। फिलहाल पुलिस युवक की मौत को हादसा मान रही है।
कंधई थाना क्षेत्र के करमाही निवासी रघुराज प्रताप सिंह उर्फ बालक सिंह अपने करीबी दोस्त विश्वजीत सिंह निवासी लालधर पट्टी के साथ शनिवार की रात घर से निकला था। आधी रात को कंधई थाना क्षेत्र में उसके दुर्घटना में घायल होने की खबर मिली। जिसके बाद परिजन जिला अस्पताल पहुंचे थे। यहां बालक सिंह को मृत देख परिजन शव लेकर घर चले गए। रविवार को पोस्टमार्टम में मौत का कारण दुर्घटना में आईं चोटों को बताया गया। उधर, मृतक के भाई ने हत्या की आशंका जताई। जिसके बाद पुलिस ने विश्वजीत सिंह को हिरासत में ले लिया था। चर्चा है कि घटना प्रेम प्रसंग को लेकर हुई है। कंधई पुलिस ने मंगलवार को विश्वजीत सिंह को टॉपटेन अपराधी बताते हुए तमंचा-कारतूस बरामद कर जेल भेज दिया। इसके अलावा पुलिस ने अंकित पांडेय पुत्र लाल बहादुर बिजहरा, प्रिंस उपाध्याय निवासी कापाहरि को गिरफ्तार कर जेल भेजा। कंधई पुलिस का दावा है कि विश्वजीत सिंह टॉपटेन बदमाश है। उसकी पुलिस को काफी दिनों से तलाश थी। युवक की मौत हादसे में होने की बात सामने आ रही है। फिलहाल अभी उसकी लोकेशन ट्रेस की जा रही है।
पाइप चोरी कर मिर्च की फसल नष्ट की
मानधाता। बदमाशों ने पंपिगसेट से सिंचाई की पाइप चोरी करने के बाद मिर्च की फसल नष्ट कर दी। मानधाता थाना क्षेत्र के धरमपुर निवासी शिवशंकर उर्फ नाटे की पंपिगसेट का ताला तोड़कर सिंचाई की पाइप पर हाथ साफ कर दिया। खेत में लगाई मिर्च की फसल क्षतिग्रस्त कर दिया। पीड़ित ने पुलिस को नामजद तहरीर दी। जिसके बाद थाने पर नेेताओं का जमघट लगने लगा। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।