फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

अब मेडिकल कॉलेज, आंवला और रसमलाई से प्रतापगढ़ की पहचान : सीएम

विज्ञापन
विज्ञापन
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि अब मेडिकल काॅलेज, आंवला और रसमलाई से प्रतापगढ़ को जाना जाता है जबकि विपक्षी सरकारों ने एक जनपद एक माफिया दिया। इसके बदले डबल इंजन सरकार ने एक जनपद एक उत्पाद पर काम किया। इसका नतीजा है कि प्रतापगढ़ के आंवले को आज देश ही नहीं विदेशों में भी पहचान मिली। इससे पहले उन्होंने प्रतापगढ़ और काैशाम्बी संसदीय क्षेत्र को 570 करोड़ की 186 परियोजनाओं की सौगात दी। साथ ही पीएम और सीएम आवास जुड़े लोगों को चाबियां और स्वयं सहायता से जुड़े समूहों को प्रमाणपत्र प्रदान किया।
विज्ञापन

जीआईसी मैदान में आयोजित जनसभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि अन्नदाता किसानों ने अमृत फल आंवला की खेती से आरोग्यता को बढ़ावा देकर देश दुनिया में जनपद को पहचान दिलाई है। वहीं सदर विधायक राजेंद्र मौर्य ने रसमलाई की मिठास को घर-घर तक पहुंचाने का बीड़ा उठाया है। उन्होंने मंच से ही विधायक से कहा कि वो क्षेत्रीय जनता को भी रसमलाई की दावत दें।
उन्होंने कहा कि जो लोग कहते थे कि प्रतापगढ़ में कनेक्टिविटी की समस्या है, उस जिले के 40 किमी. भू-भाग को शामिल करते हुए देश का सबसे लंबा गंगा एक्सप्रेस-वे मेरठ से प्रयागराज के बीच बन रहा है। अयोध्या से प्रयागराज के बीच छह लेन हाईवे मार्ग के साथ बाईपास विकास के लिए मील का पत्थर साबित होगा। सोनेलाल पटेल के नाम पर स्थापित मेडिकल कॉलेज भी जनपद की पहचान बना हुआ है।
विज्ञापन

प्रधानमंत्री के नेतृत्व वाली डबल इंजन की सरकार में बिना भेदभाव के योजनाओं का लाभ पात्रों को दिया जा रहा है। इसके पूर्व मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने 310 करोड़ रुपये की लागत से तैयार होने वाले 70 कार्यों का शिलान्यास बटन दबाकर किया। वहीं 260 करोड़ की लागत से तैयार 116 कार्यों का लोकार्पण किया। लोकार्पण और शिलान्यास वाले कार्यों का सीएम ने अपने संबोधन में भी भी उल्लेख किया।
नगर पालिका बनेगी स्मार्ट सिटी, चमकेंगी सड़कें
जनसभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि नगर पालिका क्षेत्र को स्मार्ट सिटी की तर्ज पर विकसित किया जाएगा। शहर की सड़कों का प्रमुखता से सुदृढ़ीकरण किया जाएगा ताकि सड़कें दूर से ही चमकें।
भगवा नहीं, तिरंगा मय रहा पंडाल
लोकार्पण और शिलान्यास कार्यक्रम को भाजपा ने राष्ट्रीय पर्व की तरह ऐतिहासिक बनाने का प्रयास किया। इसके तहत जनसभा पंडाल को इस बार भगवा में नहीं, बल्कि तिरंगा मय कर दिया गया था। पंडाल की शोभा बढ़ाने के लिए रंगीन छतरियों और पतंगों को भी सजाया गया। जनसभा की खासियत रही कि इस बार मुख्यमंत्री जैसे इस ऐतिहासिक पल को स्मृति में संजोना चाह रहे थे। उन्होंने जनता जनार्दन का अभिवादन जय श्रीराम के नारों से नहीं बल्कि भारत माता की जय और वंदे मातरम के जयघोष से किया। बावजूद इसके पूरा पंडाल जय श्रीराम के नारों से गुंजायमान रहा।
सदर विधायक ने खुद को बताया इकलौता सेवक
मुख्यमंत्री के स्वागत भाषण में सदर विधायक राजेंद्र मौर्य ने 2027 के विधानसभा चुनाव में टिकट को लेकर राजनीतिक संदेश भी दिया। उन्होंने सीएम के समक्ष मंच से खुद को जनपद का इकलौता सेवक बताया। दरअसल, सात विधानसभा क्षेत्रों में महज सदर से ही भाजपा को जीत मिली है। इसके पूर्व प्रभारी मंत्री ने मुख्यमंत्री को गणेश प्रतिमा भेंटकर अभिवादन किया। राज्यसभा सांसद अमरपाल मौर्य ने आभार ज्ञापित किया। कार्यक्रम का संचालन प्रयागराज की उदघोषिका रंजना त्रिपाठी ने किया। मंच पर पूर्व मंत्री राजेंद्र प्रताप मोती सिंह, पूर्व मंत्री प्रो. शिवाकांत ओझा, एमएलसी उमेश द्विवेदी, पूर्व विधायक धीरज ओझा, पूर्व विधायक राम शिरोमणि, नगर पालिका अध्यक्ष प्रेमलता सिंह, पूर्व सांसद विनोद सोनकर, पूर्व सांसद संगमलाल गुप्ता, जिला प्रभारी कौशलेंद्र पटेल, जिलाध्यक्ष आशीष श्रीवास्तव मौजूद रहे।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें