आयुष्मान भव के शुभारंभ के दौरान बोले अफसर, इससे पात्रों को नहीं होना पड़ेगा परेशान
संवाद न्यूज एजेंसी
प्रतापगढ़। आयुष्मान गोल्डन कार्ड बनवाने के लिए अब अस्पताल का चक्कर नहीं लगाना होगा। स्मार्ट फोन पर आयुष्मान एप डाउनलोड कर गोल्डन कार्ड बना सकेंगे। आयुष्मान भव के शुभारंभ के दौरान इसकी भी अधिकृत घोषणा कर दिया गया। अफसरों ने कहा कि पात्रों को इससे काफी सहूलियत मिलेगी।
आयुष्मान के प्रोग्राम मैनेजर डॉ. सुधाकर सिंह ने बताया कि अबतक पात्रों को गोल्डन कार्ड बनवाने के लिए हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर या फिर नजदीकी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र जाना पड़ता था। सर्वर फेल होने पर निराश होकर लौटना पड़ता था। उन्होंने बताया कि अब पात्र लाभार्थी अपने स्मार्ट फोन के प्ले स्टोर पर जाकर आयुष्मान एप डाउन लोड करें। मोबाइल नंबर अंकित करेंगे तो ओटीपी आएगी। ओटीपी डालने के बाद आप अपना गोल्डन कार्ड खुद से अपने स्मार्ट फोन के माध्यम से घर बैठे बना सकेंगे। उन्होंने बताया कि इसकी शुरूआत पहली बार आयुष्मान भव के शुभारंभ के दौरान किया गया है।