संग्रामगढ़ पुलिस द्वारा गिरफ्तार हत्यारोपी युवक। संवाद
- फोटो : PRATAPGARH
संग्रामगढ़ थाना क्षेत्र के बरगदही रजवापुर निवासी मुकेश पाल (20) की हत्या के मामले में पुलिस ने बृहस्पतिवार को दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। हत्थे चढ़े आरोपी राजेंद्र सोनकर ने बताया कि बहन के साथ अवैध संबंध होने पर उसने दोस्त के साथ मिलकर उसकी हत्या की थी।
बरगदही रजवापुर निवासी मुकेश पाल का शव बीते 20 जुलाई को गांव से थोड़ी दूर पर ट्यूबवेल के कमरे में फंदे से लटकता मिला था। इस मामले में राजेंद्र के पिता ने गांव के ही राजेंद्र सोनकर समेत पांच लोगों के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। बृहस्पतिवार की सुबह संग्रामगढ़ पुलिस को सूचना मिली कि हत्या के मामले में नामजद राजेंद्र सोनकर अपने दोस्त के साथ कहीं भागने की फिराक में है।
इस पर पुलिस ने घेराबंदी कर ली। सुबह करीब 8 बजे रजवापुर बाजार के पास से पुलिस ने राजेंद्र और उसके दोस्त को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के दौरान राजेंद्र सोनकर ने बताया कि मुकेश उसका दोस्त था। उसकी बहन के साथ उसका संबंध था। मुकेश उसकी बहन से फोन पर भी बात करता था। कई बार मना करने के बाद भी उसने फोन पर बात करना बंद नहीं किया। इस पर दोस्त के साथ उसकी हत्या करने के बाद शव फंदे से लटका दिया। पुलिस ने दोनों आरोपियों को लिखापढ़ी के बाद जेल भेज दिया।