विकास भवन सभागार में विकास कार्यो की समीक्षा बैठक करते कैबिनेट मंत्री मोती सिंह। संवाद
- फोटो : PRATAPGARH
सूबे के कैबिनेट मंत्री राजेंद्र प्रताप सिंह उर्फ मोती सिंह ने अफीम कोठी में विकास कार्यों की समीक्षा कर मनरेगा के मजदूरों को सौ दिन का काम देने और महिला समूहों को आत्म निर्भर बनाने के लिए प्रशिक्षित करने और स्वरोजगार के लिए प्रेरित करने को कहा है। कैबिनेट मंत्री की बैठक से नदारद अधिशाषी अभियंता सिंचाई खंड दो के खिलाफ कार्रवाई के लिए डीएम से शासन को पत्र लिखने को कहा है।
कैबिनेट मंत्री ने जिले की नवसृजित नगर पंचायतों कोहड़ौर, रामगंज, ढकवा में पेयजल व्यवस्था, विद्युत आपूर्ति, प्रकाश व्यवस्था, प्रधानमंत्री आवास, सफाई व्यवस्था व्यवस्था को दुरुस्त करने को कहा है। ईओ कोहड़ौर से टाउन एरिया का सर्वे कराकर सभी वार्डों में पेयजल एवं मिनी हाईमास्ट लाइट की व्यवस्था करने को कहा है।
इसके साथ ही ढकवा तथा रामगंज में भी अधिशासी अधिकारियों को निर्देशित किया कि नगर पंचायत में कार्ययोजना बनाकर इंटरलाकिंग, नाली निर्माण, प्रकाश व्यवस्था, पेयजल आपूर्ति की व्यवस्था अविलंब ठीक कराई जाए। रामगंज में जर्जर तार अविलंब बदलने और सोलर पंप लगवाने का निर्देश दिया है। संड़वा चंद्रिका एवं कुंडा के ब्लॉक भवन निर्माण में अभी तक प्रगति न आने पर अधिशाषी अभियंता आरईएस पर नाराजगी व्यक्त और अविलंब टेंडर कराने को कहा।
आसपुर देवसरा में बन रहे मिनी स्टेडियम के उपयोगिता प्रमाण पत्र न भेजे जाने पर नाराजगी व्यक्त की और अधिशाषी अभियंता से समय से निर्माण कार्य पूरा कराने को कहा। सीडीओ प्रभाष कुमार ने बताया कि मनरेगा से 120 सहकारी समितियों की मरम्मत का कार्य कराया जायेगा। बैठक में डीएम डा नितिन बंसल, एडीएम सुनील कुमार शुक्ला, डॉ. एनएन मिश्रा प्रमुख रुप से मौजूद रहे।