बदमाशों की गोली से घायल व्यापारी अशोक मौर्या। संवाद
- फोटो : PRATAPGARH
पांच लाख रुपये रंगदारी न देने पर बदमाशों ने रविवार की रात दुकान बंद कर रहे व्यापारी को गोली मार दी। गनीमत रही कि गोली उसके पैर में ही लगी। घटना के बाद बाजार में सनसनी फैल गई। सूचना मिलने के बाद पहुंची पुलिस घायल व्यापारी को अस्पताल पहुंचाने के बाद हमलावरों की तलाश में जुट गई। बाजार के सीसीटीवी खंगाले जाने लगे। घटना के बाद पुलिस के रवैए को लेकर व्यापारियों ने नाराजगी जताई।
रानीगंज थाना क्षेत्र के भागीपुर निवासी अशोक मौर्या (38) की रानीगंज बाजार में इलेक्ट्रानिक की दुकान है। बाजार के बड़े कारोबारियों में शुमार अशोक मौर्या के अनुसार, 25 मई को उसके मोबाइल पर अनजान व्यक्ति ने फोन कर पांच लाख रुपये की रंगदारी मांगी थी। रुपये न देने पर अंजाम भुगतने की धमकी दी थी। जिसकी शिकायत उन्होंने रानीगंज पुलिस के साथ अफसरों से की थी। पुलिस ने जांच का आश्वासन देकर उसे घर भेज दिया।
रविवार की रात आठ बजे अशोक दुकान बंद करा रहे थे। इस बीच बाइक सवार तीन बदमाश दुकान के बाहर पहुंचे। बाइक पर बैठे दो नकाबपोश बदमाश सीधे दुकान के भीतर घुसे और अशोक मौर्या के ऊपर फायर झोंक दिया। गोली उनके पैर में लगी। शोरशराबा व फायरिंग सुनकर आसपास के लोग दौड़े तो बदमाश पावर हाउस की ओर भाग निकले।
सूचना मिलने के बाद पहुंची पुलिस ने घायल व्यापारी को सीएचसी पहुंचाया। दुकान में लगे सीसीटीवी खंगालने के बाद पुलिस बदमाशों की खोजबीन में जुट गई। घटना के बाद बाजार के कारोबारियों में खौफ है। सीओ रानीगंज अतुल अंजान त्रिपाठी ने बताया कि पूर्व में मिली धमकी की जांच की गई थी। पुराने थानाध्यक्ष का तबादला हो गया था। फिलहाल बदमाशों की खोजबीन के लिए पुलिस टीम लगा दी गई है।