ट्रेनिंग करने जा रहे थे विश्व प्रकाश पांडेय
बीरापुर। रानीगंज नगर पंचायत क्षेत्र के पचरास निवासी विश्व प्रकाश पांडेय उर्फ पंकज अकोला में एक प्राइवेट कंपनी में नौकरी करते थे। उसी कंपनी में ट्रेनिंग करने के लिए शनिवार को घर से निकले। हादसे में उनकी भी मौत हो गई। जानकारी के बाद परिजन मैहर के लिए रविवार को निकले। मृतक विश्व प्रकाश तीन बहनों में अकेले थे। पत्नी पूजा, बेटी प्रिंसी, रूही व सांची का रो-रोकर बुरा हाल रहा।
महिलाओं से कंडक्टर के मौत छिपाकर रखा, बेटा रिश्तेदार संग पहुंचा सतना
कोतवाली देहात के सिटी मलियाना टोला निवासी लल्लू यादव करीब 35 वर्ष से बस पर परिचालक के रूप में काम करता था। मैहर में हुई घटना की जानकारी के बाद बेटा अंकित रिश्तेदारों के संग सतना के लिए रवाना हुआ। परिवार की महिलाओं से घटना को छिपाकर रखा गया। यहां तक कि सिटी पुलिस चौकी प्रभारी को भी घर जाने से रोक दिया गया। ताकि परिवार के लोगों को बाद में घटना की जानकारी हो सके।
भाई से मिलने की हसरत रह गई अधूरी
महेशगंज थाना क्षेत्र के बघवाइत के रहने वाले धीरज कुमार शुक्ला भी मैहर के पास हुए सड़क हादसे का शिकार हो गए। धीरज अपने छोटे भाई सचिन के पास जा रहे थे। सचिन के पिता नागपुर में रहकर व्यापार करते थे। जिनका दो वर्ष पूर्व निधन हो गया था। धीरज शनिवार की शाम घर से निकाले और हादसे का शिकार हो गए। घर में उसके चाचा कोटेदार लवलेश शुक्ला समेत परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
मैहर हादसे की शिकार बस से नागपुर जा रहे सिलौधी के रहने वाले राजेश शुक्ला के सामने से मौत गुजरी। बस में पीछे बैठे राजेश चार लोगों के साथ बस का शीशा तोड़कर नीचे कूदकर अपनी जान बचाई।
बस में सवार राजेश शुक्ला रविवार दोपहर अपने घर पहुंचे। घटना की भयावहता बताते हुए उनकी आंखों में आंसू आ जाते। उन्होंने बताया कि वह उसी बस से नागपुर जा रहे थे। रास्ते में खाना खाने के बाद बस में सवार लोग आराम करने लगे। कोई सो रहा था तो कोई मोबाइल देख रहा था। वह भी बस के पीछे सीट पर बैठे थे। अचानक डंपर से बस के टकराते ही लोग चीख पड़े।
किसी का सिर आगे की सीट से टकराया तो कोई उछलकर आगे जा गिरा। वह तीन अन्य लोगों के साथ बस की खिड़की का शीशा तोड़कर बाहर कूदकर अपनी जान बचाई। हादसे के बाद घायलों के चीख पुकार से कोहराम मचा रहा। बस से कूदने के दौरान उनके दोनों पैरों में चोटें आईं। परिवार के लोगों के बीच पहुंचने पर राजेश ईश्वर का धन्यवाद ज्ञापित करते नहीं थक रहे हैं। घटना की जानकारी लेने उनके घर नायब तहसीलदार कृपाशंकर यादव, लेखपाल बृहस्पति सरोज व प्रधान संजय पांडेय पहुंचे।