प्रतापगढ़। लखनऊ-वाराणसी राजमार्ग पर बेकाबू मैजिक ने अलाव ताप रहे गल्ला व्यापारी को कुचल दिया। जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। आक्रोशित लोगों ने हाईवे पर जाम लगा दिया। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने लोगों को समझाबुझाकर दो घंटे बाद जाम समाप्त कराया। पुलिस ने वाहन को कब्जे में ले लिया।
नगर कोतवाली के मोहनगंज निवासी कपूरचंद केसरवानी उर्फ खान (35) गल्ला व्यापारी थे। रविवार की सुबह हल्की ठंड के चलते वह घर के बाहर अलाव ताप रहे थे। तभी लखनऊ की ओर से आ रही मैजिक डाला बेकाबू होकर फुटपाथ पर चढ़ गई और कपूरचंद को अपनी चपेट में ले लिया। जिससे मौके पर ही उनकी मौत हो गई। यह देख चालक वाहन छोड़कर भागने लगा। जिसे लोगों ने दबोच लिया और पिटाई कर पुलिस के हवाले कर दिया। घटना से आक्रोशित ग्रामीणों ने हाईवे पर जाम लगा दिया।
सूचना मिलने पर मोहनगंज चौकी की पुलिस पहुंची। पुलिस सभी को समझाने लगी, लेकिन कोई मानने को तैयार नहीं था। बाद में पहुंची कोतवाली पुलिस ने लोगों को समझाबुझाकर शांत कराया। चालक के खिलाफ कार्रवाई व आर्थिक मदद के आश्वासन पर परिजन शांत हुए। करीब दो घंटे बाद हाईवे पर लगा जाम समाप्त हो सका। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजते हुए वाहन को चौकी पर खड़ा करा लिया।
तीन बच्चों के सिर से उठ गया पिता का साया
मोहनगंज में मैजिक डाला की टक्कर से गल्ला व्यापारी की मौत से घर में कोहराम मचा रहा। मृतक की पत्नी नीलम का रो रोकर बुरा हाल था। बड़े बेटे सिद्धार्थ, बेटी रांची पिता के शव को देखते हुए मां से लिपटकर रो रही थीं। मृतक के भाई की 15 साल पहले सड़क हादसे में मौत हो चुकी है।
पत्नी के नशे का विरोध करने पर पति ने फांसी लगाकर दी जान
संडवाचंद्रिका। पत्नी के नशे का विरोध करने पर पति ने फांसी लगाकर जान दे दी। जिससे घर में कोहराम मचा रहा। अंतू थाना क्षेत्र के दांदूपुर रनसिंह निवासी अरविंद कुमार वर्मा (45) घर पर रहकर खेती का काम करता था। उसकी आर्थिक हालत ठीक नहीं थी। वह नशे का आदी था। जिसका पत्नी विरोध किया करती थी। शनिवार की रात अरविंद ने नशे की हालत में घर पहुंचा। जिसे लेकर फिर पत्नी से उसका विवाद हो गया। इससे क्षुब्ध होकर अरविंद ने घर के भीतर फांसी लगाकर जान दे दी।
रविवार की सुबह जब अरविंद अपने कमरे से बाहर नहीं निकला तो पत्नी उसके कमरे की ओर गई। भीतर का नजारा देख वह दंग हो गई। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक के दो बेटे हैं।