क्रिकेट मैच के दौरान दो पक्षों में विवाद हो गया। इसमें बीच बचाव कराने गए एक युवक को कुछ लोगों ने अपहरण कर लिया। शिकायत पर पुलिस पहुंची और युवक को मुक्त कराया। इस दौरान एक आरोपी को पुलिस ने कब्जे में लिया है। कोतवाली क्षेत्र के चकिया और पुराने कुंडा में क्रिकेट मैच हो रहा था। मैच दोनों गांव के बीच में स्थित बाग में हो रहा था। इस दौरान दोनों टीमों के बीच विवाद हो गया। बात इतनी बढ़ी कि मारपीट की नौबत आ गई।
गांव के लोगों का कहना है कि पुराना कुंडा निवासी अनिल कुमार ने किसी तरह से दोनों पक्षों के लोगों को समझाकर शांत करा दिया। इसके कुछ देर बाद चकिया गांव के दर्जनों लोग लाठी डंडे और असलहों से लैस होकर पहुंचे और अनिल को बंधक बना लिया और उसे अपने साथ गांव की तरफ ले गए। इसकी सूचना पुराना कुंडा के लोगों ने पुलिस को दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मुर्गी फार्म मवई के पास से अनिल को लोगों के बीच से मुक्त कराया। इस दौरान एक आरोपी युवक को कब्जे में ले लिया। इस बारे में कोतवाल का कहना है कि अभी कोई तहरीर नहीं आई है। तहरीर आती है तो कार्रवाई आगे बढ़ाई जाएगी। घटना को लेकर ग्रामीणों में हड़कम्प मचा हुआ है।