अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर जिले भर में विभिन्न स्थानों पर योग कक्षाएं आयोजित कर लोगों को योग करेंगे, निरोग रहेंगे की शपथ दिलाई गई। शहर से गांव तक आयोजित हुई योग कक्षाओं में बड़ी संख्या में महिलाओं और पुरुषों ने प्रतिभाग कर योग की विधाओं को सीखा। जिले में मुख्य कार्यक्रम शहर के पुलिस लाइन मैदान में मनाया गया। सुबह के पांच बजते ही हाथ में चद्दर लिए लोग कार्यक्रम स्थल की ओर तेजी से बढ़ते जा रहे थे। सुबह 6.20 बजे पतंजलि योग समिति के संरक्षक डॉ. आरके सिंह, नपा अध्यक्ष हरिप्रताप सिंह, सदर विधायक नागेंद्र सिंह यादव ने दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया।
योग प्रशिक्षक नंदलाल ने योगाभ्यास प्रारंभ कराया तो लोगों में नई चेतना आ गई। हरिद्वार से प्रशिक्षण लेकर आई आकांक्षा और देवाशीष ने कठिन आसन प्रस्तुत कर सभी को दंग कर दिया। भारत माता की जय और वंदे मातरम के गगनभेदी नारे से पूरा परिसर देशभक्ति की भावना से ओतप्रोत था। बृजेश यादव और हेमलता ने 45 मिनट में योग का अभ्यास कराकर लोगों में उत्साह का संचार कर दिया। योग की क्रिया के साथ ही होने वाले फायदों से भी प्रशिक्षक अवगत करा रहे थे। रेलवे रनिंग रूम में कर्मचारियों ने योग शिविर में हिस्सा लिया। महिलाओं और पुरुषों ने योग से होने वाले फायदे को भी बताया गया। इस मौके पर एडीईएन अर्जुन सिंह, धर्मेंद्र दूबे, रमेश यादव, पीके तिवारी आदि मौजूद रहे। ओबीसी बैंक में हुए योग शिविर में प्रह्लाद सिंह, सचिन रावत, भालचंद्र सिंह, राजेंद्र वर्मा, आशीष, तुषार आदि ने प्रतिभाग किया।