रानीगंज बाजार स्थित कृषि विपणन केंद्र पर रविवार को क्षेत्रीय विधायक धीरज ओझा ने तीन करोड़ की विकास परियोजनाओं का शिलान्यास किया। जिसमें 1.20 करोड़ लोकनिर्माण विभाग, विधायक निधि 30 लाख, नगर पंचायत रानीगंज की 90 लाख रुपये में सड़क, इंटरलॉकिंग व 85 लाख रुपये से हाईमास्ट स्थापित किए जाएंगे।
विधायक धीरज ओझा ने कहा कि क्षेत्रीय जनमानस के सहयोग से रुके हुए विकास कार्यों को पुन: प्रारंभ किया जा सका है। सड़क, बिजली, पानी व स्वास्थ्य के क्षेत्र में विकास कार्य किए जा रहे हैं। रानीगंज विधानसभा क्षेत्र जनपद में ही नहीं, बल्कि प्रदेश में मॉडल बनेगा।
खमपुर दुबेपट्टी में जनपद स्तरीय गौशाला, राजकीय पॉलीटेक्निक, पुरे हिरामन में 33/11 केवीए का नवीन विद्युत उपकेंद्र, दिलीपपुर में थाना, कतरौली में राजकीय पॉलीटेक्निक व स्टेडियम, नजियापुर में स्टेडियम की स्वीकृति व इंजीनियरिंग कॉलेज क्षेत्र के विकास में मील का पत्थर साबित होंगे।
कार्यक्रम की अध्यक्षता नगर पंचायत अध्यक्ष मीरा गुप्ता ने की। इस दौरान अधिशाषी अधिकारी नगर पंचायत जेपी मौर्य, पीडब्ल्यूडी जेई अनिल मिश्र, नीरज ओझा, अजय ओझा, मीडिया प्रभारी ललित तिवारी आदि उपस्थित रहे।
सई व बकुलाही नदी का होगा उद्धार
रानीगंज। जीवनदायिनी बकुलाही व सई नदी की बदहाली जल्द दूर होगी। नदियों के जीर्णोद्धार के लिए रानीगंज विधायक धीरज ओझा के पत्र पर शासन ने संज्ञान में लिया है। उत्तर प्रदेश बाढ़ नियंत्रण परिषद की स्थायी संचालन समिति द्वारा अनुमोदित 1217.80 लाख रुपये की लागत से बकुलाही नदी के किमी 52 से 156.200 तक ड्रेनेज क्षमता वृद्धि की परियोजना का क्रियान्वयन प्रगति पर है।
इसी तरह प्रदेश की आठ प्रमुख नदियों में सई नदी का पुनर्जीवन मनरेगा द्वारा कराया जाना प्रस्तावित है।