सरकारी दवा फेंके जाने के मामले में एएनएम पर गिरी गाज
भंगवा एएनएम को सीएमओ ने किया निलंबित, अर्बन की संविदा एएनएम को सेवा से दिखाया बाहर का रास्ता
बुधवार को कादीपुर में मिली थी भारी मात्रा में सरकारी दवाएं
अमर उजाला ब्यूरो
प्रतापगढ़। सरकारी अस्पताल की दवा कादीपुर में फेंके जाने के मामले में सीएमओ ने जांच के बाद भंगवा की एएनएम को निलंबित कर दिया और अर्बन की एएनएम को सेवा से बाहर का रास्ता दिखाया। इस कार्रवाई से विभाग में हड़कंप मचा हुआ है। कुछ दूसरे लोग भी कार्रवाई की जद में आ सकते हैं।
सदर विकास खंड के कादीपुर प्राथमिक विद्यालय के पास बुधवार की सुबह भारी मात्रा में सरकारी अस्पताल की दवा फेंका हुई मिली थी। जिसमे आयरन समेत स्वास्थ्यवर्धक दवाएं थीं। मामले की जानकारी मिलने पर सीएमओ डा. अरविंद श्रीवास्तव ने जांच बैठा दी। सीएमओ ने बताया कि कादीपुर में मिली दवा सरकारी अस्पताल की है। जो अर्बन के साथ ही भंगवा एएनएम सेंटर की हैं। इसलिए सुखपाल नगर पीएचसी के भंगवा सेंटर के एएनएम रमा सरोज को निलंबित कर दिया गया। वहीं अर्बन अजीत नगर की संविदा एएनएम की सेवा समाप्त करने के लिए डीएम से अनुमोदन मांगा गया है। स्वास्थ्य विभाग में हुए इस कार्रवाई से हड़कंप मचा हुआ है। दोनों एएनएम ने कहा कि निर्दोष होते हुए भी उनके खिलाफ सीएमओ कार्रवाई कर रहे हैं। सरकारी दवा बाहर से लाकर फेंकी गईं हैं। जांच में भले ही यह बात साफ हो गई कि दवाएं सरकारी हैं लेकिन किसी अस्पताल की है। इसके बारे में जानकारी नही हो सकी।
इनसेट----------
स्कूलों में वितरित की जाती है आयरन की गोली
शासन के आदेश पर प्राथमिक विद्यालय के साथ ही मिडिल और इंटर कॉलेजों में आयरन की गोलियां स्वास्थ्य विभाग की ओर से वितरण किया जाता है। स्वास्थ्य विभाग की ओर से आयरन और कैल्शियम की गोलियां के साथ पैरासीटामाल व ओआरएस के पैकेट को हेड मास्टर को दिया जाता है। इंटर कॉलेज में स्वास्थ्य विभाग की टीम पहुंचती है और प्रबंधक को दवा देकर वापस लौट जाती है। विद्यालय की ओर से आयरन और कैल्शियम की गोली का वितरण नहीं किया जाता है। अंतिम में उसी दवा को फेंक दिया जाता है। मगर इस ओर जिम्मेदार ध्यान नहीं देते हैं।
वर्जन----------
कादीपुर भंगवा एएनएम व अर्बन क्षेत्र में आता है। जिसके चलते भंगवा और अर्बन की एएनएम को दोषी पाया गया। पूछे जाने पर किसी प्रकार का जवाब दोनों नहीं दे पाईं। इनके स्टाक रजिस्टर का भी पता नहीं है। इस लिए भंगवा सेंटर की एएनएम को सस्पेंड कर दिया गया और अर्बन की संविदा कर्मी एएनएम की सेवा समाप्त करने की कार्रवाई की गई है। तीन सदस्यीय टीम आगे की जांच पूरी कर पता लगाएगी कि दवा किस अस्पताल की है।
अरविंद श्रीवास्तव, सीएमओ।