प्राचार्य तैयार करवा रहे कुंडली, स्टाफ नर्स का नाम बताने से किया इन्कार
संवाद न्यूज एजेंसी
प्रतापगढ़। डॉ. सोने लाल पटेल मेडिकल कॉलेज में मरीजों को एक्सपायर्ड इंजेक्शन लगाए जाने के मामले में मेडिकल कॉलेज के सीएमएस डॉ. रमेश कुमार और महिला अस्पताल की सीएमएस रीना प्रसाद ने यह कहकर अपना पल्ला झाड़ लिया कि इंजेक्शन मेरे अस्पताल का नहीं है। प्राचार्य ने बैच नंबर मिलान करवाने के साथ कार्रवाई के लिए एक स्टाफ नर्स को चिन्हित कर लिया है।
प्राचार्य डॉ. सलिल श्रीवास्तव ने बताया कि एक्सपायर इंजेक्शन मरीजों को लगाने वाले दोषी कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। एक स्टाफ नर्स का नाम सामने आ रहा है। स्टाफ नर्स के खिलाफ अपर निदेशक को पत्र लिखा जा रहा है। कार्रवाई अपर निदेशक( एडी हेल्थ) करेंगे। उन्होंने स्टाफ नर्स का नाम बताने से अभी मना कर दिया है।
प्राचार्य ने कहा कि इसके अलावा बैच नंबर मिलान होने के बाद जितने लोग दोषी पाएं जाएंगे उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने सीएमएस को आदेश दिया है कि अगस्त में एक्सपायर हो रहे इंजेक्शन और दवाओं को सीएमएसडी भेजवा दिया जाए। किसी भी कीमत पर एक्सपायर्ड और इंजेक्शन किसी मरीज को न दिया जाए।