अंतू थाना क्षेत्र के एक गांव में घर के पीछे गई विवाहिता से कुछ लोगों ने सामूहिक दुष्कर्म किया। आरोप है कि उसके गुप्तांग में डंडा भी डाला। हालांकि पुलिस सामूहिक दुष्कर्म की बात से इनकार करते हुए केवल मारपीट का दावा कर रही है।
अंतू थाना क्षेत्र में दो पक्षों के बीच जमीन को लेकर विवाद चल रहा है। बुधवार को विवादित जमीन पर निर्माण कार्य प्रारंभ हुआ। जिसे लेकर दोनों पक्षों के बीच विवाद भी हुआ था। बृहस्पतिवार की रात करीब दस बजे एक पक्ष की महिला घर के पीछे गई थी। उसके पति का आरोप है कि चार लोगों ने उसकी पत्नी के साथ सामूहिक दुष्कर्म किया और उसके गुप्तांग में डंडा भी डाल दिया।
खोजबीन के दौरान उसकी चीख सुनकर वह दौड़ा तो आरोपी भाग निकले। पीड़िता के गुप्तांग से अधिक रक्तश्राव हो रहा था। जिससे उसकी हालत बिगड़ गई। पुलिस को सूचना देने के बाद उसे महिला अस्पताल लाया गया। जहां चिकित्सक उसका उपचार कर रहे हैं। पीड़िता के परिवार के लोगों का आरोप है कि सांसद संगमलाल गुप्ता बुधवार को गांव में आए। दूसरे पक्ष के लोगों की मदद करते हुए निर्माण कराने लगे।