लालगंज कोतवाली के जलालपुर अमांवा निवासी पचपन वर्षीय सुरेश नारायण तिवारी की बाड़ में लगे तार के करंट की चपेट में आने से मौत हो गई। इस घटना से परिवार में चीख पुकार मच गई है।
सुरेश विभिन्न आयोजनों में खाना व नाश्ता बनाने का काम करता था। शनिवार की रात बगल के लाला का पुरवा में किसी के घर तेरहवीं में खाना बनाने गया था। रात आठ बजे वह लघुशंका करने के लिए गया। इसी बीच एक खेत में मवेशियों से फसल की रखवाली के लिए बनाए गए बाड़े के तार में दौड़ रहे करंट की चपेट में आने से उसकी मौत हो गई।
बताया जाता है कि खेत को गांव के कल्पनाथ वर्मा ने पटाऊं के तहत लिया था और उसने ही तार में सबमर्सिबल से जोड़कर करंट दौड़ाया था। जिसकी चपेट में आने से हलवाई की मौत हो गई। इसकी जानकारी मिलने पर पत्नी व भाई विनोद बदहवास हो गए। मृतक की कोई संतान नहीं थी।
माली हालत अत्यंत खराब होने के चलते वह अपना घर तक नहीं बना सका, जिसके चलते वह अपने भाई के घर में एक कमरे में गुजर करता था। पुलिस ने बाड़ में करंट दौड़ाने वाले दो आरोपियों हिरासत में लिया है। प्रभारी निरीक्षक नीरज कुमार यादव ने बताया कि दो लोगों को पूछताछ के लिए लाया गया है। परिजनों की ओर से तहरीर मिलने पर उचित कार्रवाई की जाएगी।