प्रतापगढ़। शुक्रवार की भोर में गोयल रेजीडेंस में लगी आग से दस लोगों की मौत के बाद शनिवार को प्रशासन और पुलिस के अधिकारियों ने शहर के कई होटलों में ताबड़तोड़ छापेमारी की। इस दौरान होटलों की सुरक्षा व्यवस्था, अग्निशमनयंत्र और सुरक्षा के उपायों की जांच की गई। भवन के नक्शे को लेकर भी पूछताछ की गई। प्रशासन की कार्रवाई से होटल कारोबारियों में हड़कंप मच गया।
सबसे पहले अधिकारी होटल गोयल रेजीडेंस के बगल स्थित स्नेह होटल पहुंचे। यहां ठहरने वालों की सुरक्षा के उपायों का जायजा लेने के साथ फायर किट, बिजली का कंट्रोलरूम और अंदर-बाहर जाने के रास्तों को देखा गया। इसके बाद अफसर बाबागंज स्थित सिद्घार्थ होटल में पहुंचे। यहां भी प्रशासनिक अधिकारियों ने पड़ताल की। कई अन्य होटलों में भी छापेमारी की गई। इस दौरान कमरों में खिड़की, दरवाजा और सीढ़ियों की जांच की गई। छापेमारी में एसडीएम सदर जेपी मिश्र, सीओ सिटी एमपी सलोनिया, शहर कोतवाल अनिल कुमार आदि शामिल रहे। सीओ सिटी एमपी सलोनिया ने बताया कि होटल स्नेह भी मानक के अनुरूप होटल नहीं बना है। यहां पार्किंग स्थल नहीं है। होटल में कभी हादसा हो गया तो बाहर निकलने का कोई दूसरा रास्ता नहीं हैं। सबसे बड़ी बात तो यह है कि स्नेह होटल चर्चित नाम है। लगभग 50 मुसाफिर यहां रोजाना रात बिताते है। दिन भर आवागमन होटल में लगा रहता है। सिद्घार्थ होटल में न तो भागने का कोई रास्ता है और न ही फायर किट मिली। नक्शे के अनुरूप नहीं बना है। होटल के सामने पार्किंग स्थल बना हुआ है। होटलों की जांच करने के बाद रिपोर्ट डीएम को भेज दी गई है।
होटल गोयल रेजीडेंसी के मालिक गए जेल
होटल गोयल रेजीडेंसी में शुक्रवार की भोर में लगी भीषण आग से दस लोगों की मौत के बाद पुलिस ने इसके मालिक सुनील गोयल को हिरासत में ले लिया था। सीओ सिटी ने बताया कि अलग-अलग चार लोगों ने होटल मालिक पर गैरइरदतन हत्या की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। रिपोर्ट दर्ज होने के बाद कोतवाली पुलिस ने सुनील गोयल को जेल भेज दिया। मामले की अभी जांच हो रही है।