सांगीपुर थाना क्षेत्र के पटखौली गदियान में बाइक की टक्कर से बालिका की मौत पर बिलखते परिजन।
- फोटो : PRATAPGARH
बाइक की टक्कर से आठ वर्षीय बालिका की मौत हो गई। घटना से परिजनों में कोहराम मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
सांगीपुर थाना क्षेत्र के पटखौली गदियान निवासी अच्छेलाल सरोज की आठ वर्षीय पुत्री अनीता गुरुवार शाम करीब पांच बजे अठेहा-लालगंज हाइवे पार कर रही थी। इस दौरान अचानक घुइसरनाथरोड की तरफ से तेज रफ्तार में आए बाइक सवार ने उसे टक्कर मार दी। जिससे अनीता सड़क पर दूर जा गिरी।
चीख सुनकर आसपास के लोग दौड़े और उसे उठाया। खबर पाकर पुलिस भी आ गई। परिजन उसे सांगीपुर सीएचसी ले गए, जहां डाक्टरों ने अनीता को मृत घोषित कर दिया। उसकी मौत से परिजनों में कोहराम मच गया।
सांगीपुर थाना प्रभारी ने बताया कि बालिका के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। टक्कर मारने के आरोपी युवक को बाइक के साथ थाने लाया गया है। बालिका के पिता ने लापरवाहीपूर्वक गाड़ी चलाकर दुर्घटना कारित करने की तहरीर दी है।