मेडिकल कॉलेज में आने वाले गंभीर रोगियों को ऑपरेशन के लिए अब रात में प्रयागराज नहीं रेफर किया जाएगा। जनवरी से इमरजेंसी के ठीक बगल ओटी का संचालन शुरू हो जाएगा। ऑनकॉल ड्यूटी पर मौजूद चिकित्सक मरीजों का तत्काल ऑपरेशन करेंगे।
मेडिकल कॉलेज के सीएमएस डॉ. शैलेंद्र कुशवाहा ने बताया कि अबतक ओटी सुबह नौ से दोपहर तीन बजे तक ही चलती थी। ऐसे में दोपहर तीन बजे के बाद इमरजेंसी में आने वाले मरीजों का ऑपरेशन नहीं होता है। मरीजों की परेशानी को देखते हुए इमरजेंसी के ठीक बगल वर्षों पुरानी ओटी का संचालन जनवरी से शुरू किया जाएगा।
दोपहर से देर रात तक इमरजेंसी में आने वाले गंभीर मरीजों को अगर ऑपरेशन की जरूरत पड़ती है तो ऑनकॉल सेवा देने वाले चिकित्सक तत्काल ओटी में मरीजों को ले जाकर ऑपरेशन करेंगे। सीएमएस ने प्राचार्य को पत्र भेजकर दो ओटी टेबल सहित अन्य उपकरण की मांग की है। प्राचार्य डॉ. सरोज प्रसाद ने बताया कि इमरजेंसी के ठीक बगल माइनर ओटी का संचालन हो रहा है। ओटी भी तैयार है। जनवरी के पहले उपकरणों की खरीद हो जाएगी जिससे नए साल पर ओटी तैयार की जाएगी।