राजगढ़ के समीप धारुपुर में दुर्घटना स्थल पर लगा बोर्ड। संवाद
प्रयागराज- अयोध्या राजमार्ग के वन-वे पर कोतवाली देहात के धारूपुर में मंगलवार की आधी रात सगे भाइयों को रौंदने वाले वाहन की तलाश में पुलिस सीसीटीवी कैमरे खंगाल रही है। 24 घंटे के भीतर पुलिस 15 सीसीटीवी कैमरे खंगाल चुकी है लेकिन वाहन की तलाश नहीं कर सकी।
दरअसल, देल्हूपुर थाना क्षेत्र के नरहरपट्टी निवासी 35 वर्षीय महेंद्र कुमार विश्वकर्मा व उसके भाई 22 वर्षीय मिथलेश विश्वकर्मा को मंगलवार की रात अज्ञात वाहन ने रौंद दिया था। उनके गिरने के बाद दूसरे वाहन भी ऊपर से गुजर गए जिससे उनके शव के टुकड़े दूर तक बिखर गए और सड़क पर चिपक गए थे।
घटना के तीसरे दिन सड़क पर फैले खून के धब्बे खौफनाक मंजर बयां कर रहे। मृतक के परिजन की तहरीर पर अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर पुलिस प्रयागराज के सोरांव में बने टोल प्लाजा तक लगे करीब 15 सीसीटीवी कैमरे खंगाले हैं। टोल प्लाजा के कैमरे भी खंगाले गए लेकिन वाहन की पहचान नहीं हो सकी।
कोतवाली देहात के थानाध्यक्ष पुष्पराज सिंह ने बताया कि वाहन की रफ्तार हादसे की वजह बनी। वन-वे पर हादसों को रोकने के लिए वाहनों को कम स्पीड में चलाने वाला संकेतक व रिफ्लेक्टर पर्याप्त मात्रा में लगाया जाना जरूरी है।