एचटी लाइन के तार में शाॅर्ट सार्किट से निकली चिंगारी से लगी आग में लगभग चार बीघा गेहूं की फसल स्वाहा हो गई। फायर ब्रिगेड के पहुंचने से पहले ग्रामीणों ने मशक्कत कर आग पर काबू पा लिया। ग्रामीणों ने आगजनी से हुए नुकसान को लेकर मुआवजे की मांग की है।
लालगंज कोतवाली के वीरसिंहपुर में गांव में रामधनी के खेत के ऊपर से 11,000 की एचटी लाइन का तार गया है। शुक्रवार की दोपहर एचटी लाइन के तार में शाॅर्ट सर्किट से निकली चिंगारी से रामधनी के खेत में गेहूं के फसल में आग लग गई। देखते ही देखते ढाई बीघा फसल धू-धूकर जलने लगी। आग की चपेट में आने से रामधनी के खेत के बगल स्थित मेवालाल व संगमलाल की भी लगभग दो बीघा गेहूं की फसल में आग की चपेट में आग गई। ग्रामीणों ने फायर ब्रिगेड को सूचना देकर आग बुझाने में जुट गए। सूचना पर घंंटे भर बाद फायर ब्रिगेड पहुंची, लेकिन तक तक ग्रामीण आग बुझा चुके थे। फायर ब्रिगेड की टीम नुकसान का जायजा लेकर वापस लौट आई। एसडीएम उदयभान सिंह ने बताया कि लेखपाल की रिपोर्ट आने के बाद हरसंभव मदद की जाएगी। संवाद