क्षेत्र के गोदलपट्टी में दो अगस्त को महिला को बंधक बनाकर लूट की घटना को अंजाम देने वाले चार आरोपियों को पुलिस ने शुक्रवार को गिरफ्तार किया।
एसपी दीपक भूकर के आदेश पर लूट की घटना का खुलासा करने के लिए स्पेशल टीम गठित की गई। टीम में शामिल आसपुर देवसरा पुलिस, सर्विलांस सेल और एसओजी ने पूरे दलपत शाह में बृहस्पतिवार की शाम करीब सात बजे मुठभेड़ के दौरान नगर कोतवाली क्षेत्र के गोड़े निवासी गोविंद सिंह को गिरफ्तार किया।
पैर गोली में लगने पर उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। शुक्रवार की सुबह करीब छह बजे जलपा नहर के समीप हुई मुठभेड़ में पुलिस ने आरोपी कंधई थाना क्षेत्र के पड़री मुश्तर्का निवासी डब्लू वर्मा को गिरफ्तार किया। उसे भी पैर में गोली लगने के कारण अस्पताल में भर्ती कराया गया।
घटना में संलिप्त दो अन्य आरोपियों नगर कोतवाली के गोड़े निवासी मोहित सिंह और कंधई के मेंहदिया निवासी रजनीश पटेल को भी पुलिस ने शुक्रवार को गिरफ्तार कर लिया।
आरोपियों के कब्जे से मिले चोरी के सामान
पुलिस की पूछताछ में आरोपियों के कब्जे से सोने का कंगन, चार अंगूठी, दो-दो जोड़ी कान के टप्स व झुमके- बाली, मांगटीका, तीन चेन, लॉकेट के साथ चांदी की कमरपेटी, कमर का छल्ला, पांच जोड़ी पायल, 17 जोड़ी बिछिया, एक-एक थाली, गिलास, प्लेट, कटोरी, चम्मच बरामद किया। मंदिर में सजावट के दो-दो बड़े और छोटे झूमर भी बरामद किए गए हैं।
नकाबपोश बदमाशों ने महिला को महिला बंधक बनाकर लूट की घटना को अंजाम दिया था। गिरफ्तार आरोपियों को कोर्ट के समक्ष प्रस्तुत कर विधिक कार्रवाई की जा रही है।
आलोक कुमार, एएसपी पूर्वी