उप कृषि निदेशक (डीडी) अश्विनी कुमार सिंह ने शुक्रवार को बंधवा बाजार स्थित एक उर्वरक की दुकान पर किसान बनकर यूरिया खरीदने पहुंच गए। दुकानदार ने बताया कि यूरिया 340 रुपये प्रति बोरी की दर से मिलेगी। डीडी ने दुकान और गोदाम को सील कर दिया है।
शुक्रवार को उप कृषि निदेशक मेसर्स मातासरन खाद बीज भंडार पहुंच गए। दुकानदार के निर्धारित दर से अधिक मूल्य पर यूरिया का दाम बताते ही डीडी ने अपना वास्तविक परिचय देते हुए प्रतिष्ठान का विस्तृत निरीक्षण किया। जांच के दौरान अधिक मूल्य पर उर्वरक बिक्री की शिकायत सही पाई गई। साथ ही प्रतिष्ठान पर उपलब्ध उर्वरक का भौतिक स्टॉक पीओएस मशीन में दर्ज विवरण से अलग पाया गया। उन्होंने दुकान और गोदाम को सील कर दिया है।
उप कृषि निदेशक ने स्पष्ट किया कि उर्वरक विक्रेताओं के प्रतिष्ठानों का लगातार निरीक्षण किया जाएगा और जहां भी निर्धारित दर से अधिक मूल्य पर यूरिया मिलेगी। उसके खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई जाएगी।