कंधई थाने के मरूआन गांव में फोरेंसिक टीम के साथ युवक की मौत मामले की जांच को पहुंची पुलिस।
- फोटो : PRATAPGARH
कंधई थाना के मरुआन गांव में ससुराल आए युवक की मौत के मामले की जांच करने के लिए शुक्रवार को फोरेंसिक टीम गांव पहुंची। यहां जिस कमरे में युवक रह रहा था वहां और बाग की जांच करने के बाद टीम लौट गई।
कंधई थाना क्षेत्र के मरुआन गांव में बीते सोमवार को ससुराल आए बाघराय थाना क्षेत्र के अवतारपुर गांव निवासी कुंवर भूपेंद्र सिंह की मौत हो गई थी। मृतक की पत्नी पिंकी सिंह ने अपने चाचा सहित पांच लोगों के खिलाफ कंधई थाने में मुकदमा दर्ज कराया था। घटना के दूसरे दिन सुबह जिस कमरे में भूपेंद्र रुका था, उसे पुलिस ने सील कर दिया।
शुक्रवार की सुबह 11 बजे के करीब प्रयागराज से आई फारेंसिक टीम ने मरुआन गांव पहुंचकर बंद कमरे और बाग में कई जगह जांच की। जानकारी के अनुसार मृतक भूपेंद्र सिंह अक्सर अपनी ससुराल आता था और चचेरे ससुर के यहां रुककर दूसरे दिन घर लौट जाता था। जबकि मृतक के सगे ससुर संतोष सिंह मुंबई में रहते हैं। घटना की जानकारी होने पर वह भी तीसरे दिन मरुआन गांव पहुंचे गए थे। कंधई थाना प्रभारी अंगद राय ने बताया कि फोरेंसिक टीम नमूना लेकर प्रयागराज लौट गई है। रिपोर्ट आने के बाद मामले का खुलासा सही तरीके से हो पाएगा।