सावधान! जिले में डेंगू अपने पैर पसार रहा है। पांच नए डेंगू के मरीज मिलने की पुष्टि स्वास्थ्य विभाग ने की है। जिले में डेंगू के मरीजों की संख्या 31 हो गई है।
जबलपुर निवासी 40 वर्षीय अर्नव अपनी बहन के घर भुपियामऊ आए हैं। बुखार होने पर मेडिकल कॉलेज में डेंगू की जांच कराई गई तो वह संक्रमित मिले। बाबागंज ब्लॉक के खनवारी बकोल के 44 वर्षीय आशुतोष त्रिपाठी, शहर के 10 वर्षीय फैजान, गोंड़े निवासी 85 वर्षीय शांति और लक्ष्मणपुर के धरौरा निवासी 23 वर्षीय अंजली डेंगू से संक्रमित हैं। डिप्टी सीएमओ डाॅ. संदीप ने बताया कि संक्रमितों की संख्या 31 पहुंच गई है।
एडीज मच्छर के काटने से होता है डेंगू
मलेरिया और डेंगू के नोडल डिप्टी सीएमओ डाॅ. संदीप सक्सेना ने बताया कि एडीज मच्छर के काटने से डेंगू होता है। उन्होंने बताया कि घर के आसपास जलजमाव न होने दें। पानी टंकी का ढक्कन बंद कर रखें। खिड़की में जाली लगवाए। पूरे बाजू का कपड़ा पहने। डॉ. अनुज चौरसिया ने बताया कि डेंगू होने पर व्यक्ति को बुखार, सिरदर्द, मांसपेशियों और जोड़ों में दर्द, मिचली और उलटी जैसी शिकायतें होती हैं। यह लक्षण मिले तो तुरंत डॉक्टर से संपर्क करें।