केंद्र सरकार के विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विभाग की ओर से कक्षा छह से 10वीं तक के छात्र-छात्राओं में रचनात्मक व नवाचारी सोच विकसित करने के लिए इंस्पायर अवार्ड योजना में नामांकन कराया जा रहा है। इसके तहत प्रत्येक विद्यालय से पांच-पांच बच्चों का पोर्टल पर पंजीकरण करना अनिवार्य है। इसके लिए डीआईओएस ने सभी विद्यालयों के प्रधानाचार्यों को निर्देश जारी किए हैं।
जिले के नवोदय विद्यालय, राजकीय, अशासकीय व वित्तविहीन माध्यमिक विद्यालयों और सीबीएसई बोर्ड के सभी स्कूलों के प्रधानाचार्यों को पत्र भेजकर डीआईओएस ओमकार राणा ने योजना के तहत नामांकन कराने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने बताया कि इंस्पायर अवार्ड का उद्देश्य छात्र-छात्राओं में नई सोच को विकसित करना है। शासन की मंशा है कि अधिक से अधिक छात्र-छात्राएं इसमें प्रतिभाग करेंं। इसके लिए विद्यालयों में आइडिया बॉक्स लगाया गया है। विद्यार्थियों को किसी भी प्रकार की सहायता के लिए जिला विद्यालय निरीक्षक कार्यालय में संपर्क करने के लिए कहा गया है।